परेशान करती है यह बात
बता दें कि वाणी कपूर ने अपने अब तक के करियर में 'शुद्ध देसी रोमांस', 'बेल बॉटम', 'चंडीगढ़ करे आशिकी' समेत कई शानदार फिल्मों में काम किया है। मगर एक चीज उन्हें परेशान करती है। और... वह है फिल्मों की 100-200 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने की दौड़ और इससे जुड़े प्रमोशन। वाणी का कहना है कि वह फिल्म की बॉक्स ऑफिस सक्सेस को अहम मानती हैं और इस बात को समझती भी हैं। मगर, इसे लेकर वह कई बार दबाव महसूस करती हैं।
बोलीं- 'कई मुश्किलें होती हैं'
वाणी ने एक हालिया बातचीत के दौरान कहा, 'बॉक्स ऑफिस महत्वपूर्ण है। आप चाहेंगे की कोई भी फिल्म जबरदस्त कमाई करे, ताकि आगे भी फिल्म बनाना जारी रहे। मगर जब से 100 करोड़-200 करोड़ क्लब का कॉन्सेप्ट आया है, तब से काफी ज्यादा दबाव बढ़ गया है।' वाणी ने आगे कहा कि कई बार यह काफी ज्यादा हो जाता है। लोग नए विषयों के साथ प्रयोग करने से डरते हैं। जो लोग टॉप पर नहीं हैं, ऐसे लोगों के लिए मुश्किले खड़ी हो जाती हैं।
'शमशेरा' पर कही यह बात
बता दें कि 'शमशेरा' में अपने किरदार को लेकर वाणी की खुशी का ठिकाना नहीं है। यह फिल्म डकैतों पर आधारित है। एक बातचीत के दौरान वाणी ने अपने किरदार को लेकर कहा था, 'यह उनके अब तक के निभाए गए सभी किरदारों से बिल्कुल अलग है। इस फिल्म का हिस्सा बनकर बेहद खुशी हो रही है।'