शाहरुख और अनुष्का की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों के सामने होगी। दोनों
अनुराग कश्यप की एक फिल्म में साथ काम करेंगे। दोनों इससे पहले 'रब ने बना
दी जोड़ी' और 'जब तक है जान' में काम कर चुके हैं।
अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनने जा रही आगामी एक फिल्म में शाहरुख खान के अपोजिट अनुष्का शर्मा को लिए जाने की बात हो रही है। सूत्रों की मानें, तो हाल ही में अनुराग, अनुष्का और शाहरुख खान तीनों लंदन में थे।
उल्लेखनीय है कि लंदन में भी किंग खान का अपना घर है। यहीं अनुष्का ने किंग खान के साथ एक स्क्रिप्ट सुनी। इस स्टोरी सेशन के लिए काफी समय से प्लानिंग चल रही थी, लेकिन किंग खान की व्यस्तता के कारण मीटिंग संभव नहीं हो पा रही थी। दोनों ही अदाकारों को स्क्रिप्ट पसंद आई।
अनुष्का अपने आपको लकी मान रही हैं कि 'रब ने बना दी जोड़ी' के अपने हीरो के साथ उन्हें एक और फिल्म में काम करने का मौका मिलेगा। सब जानते हैं कि पिछली फिल्म 'जब तक है जान' में भी अनुष्का और शाहरुख की केमिस्ट्री अच्छी जमी थी।
इधर अनुष्का अनुराग के निर्देशन में बन रही फिल्म बांबे वेलवेट में भी काम कर रही हैं। इसमें उनके हीरो रणबीर कपूर हैं। हाल ही में 'बांबे वेलवेट' की शूटिंग का एक शेड्यूल श्रीलंका में पूरा हुआ है।