शाहरुख खान 'ग्लोबल फ्रेट समिट' में हिस्सा लेने वाले हैं। अभिनेता इस कार्यक्रम में एसमीयू की फिल्म 'डेडपूल' के अभिनेता रयान रेनॉल्ड्स के साथ शामिल होंगे। समिट के लिए किंग खान ने दुबई के लिए उड़ान भरी है। अभिनेता को सादे अंदाज में एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड स्टार तक इस हाई प्रोफाइल कार्यक्रम की शोभा बढ़ाते नजर आएंगे।
20 नवंबर को होगा शाहरुख खान का भाषण
डीपी वर्ल्ड द्वारा आयोजित 'ग्लोबल फ्रेट समिट' का तीसरा संस्करण 18 नवंबर से 20 नवंबर तक दुबई में आयोजित किया जा रहा है। शिखर सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों के वक्ता कारोबार की रणनीतियों को साझा करेंगे। 20 नवंबर को शाहरुख खान और रयान रेनॉल्ड्स मुख्य भाषण देने वाले हैं। शाहरुख खान बॉलीवुड सुपरस्टारडम से बिजनेस सक्सेस तक के विषय पर अपनी बात रखेंगे।
किस विषय पर चर्चा करेंगे रयान रेनॉल्ड्स?
शाहरुख खान का सेशन स्थानीय समयानुसार सुबह 10:10 बजे से 10:45 बजे तक होने वाला है। दूसरी ओर, रयान रेनॉल्ड्स स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:00 बजे से 2:30 बजे तक निर्धारित अपने सत्र में 'प्लेइंग फॉर द बिग लीग्स: फ्रॉम द मूवी थिएटर टू डिसरप्टिंग बिजनेस' पर चर्चा करेंगे।