बॉलीवुड के किंग खान कहे जाने वाले शाहरुख खान की फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ ने भारत के बाद पाकिस्तान में भी सफलता का परचम लहरा दिया है।
रोहित शेट्टी के निर्देशन में शाहरुख और दीपिका पादुकोण की जोड़ी वाली फिल्म ईद के अवसर पर नौ अगस्त को भारत में लगभग 3500 स्क्रींस पर रिलीज की गयी थी और इसने अब तक यहां 170 करोड़ रुपये से अधिक की शानदार कमाई कर नया इतिहास रच दिया है।
पाकिस्तान में भी यह फिल्म नौ अगस्त को ही प्रदर्शित हुई और वहां की आर्थिक राजधानी कराची में ही फिल्म ने लगभग 40 चार करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार कर लिया है।
इससे पहले सलमान खान की ‘दबंग’ ने यहां से सबसे ज्यादा कमाई की थी।
पाकिस्तान की सबसे बड़ी वितरक कंपनी आईएमजीसी के मीडिया प्रवक्ता मोहम्मद कादिरी ने बताया कि जब से पाकिस्तान की सरकार ने भारतीय फिल्मों को यहां रिलीज करने की अनुमति दी है, तब से लेकर आज तक की फिल्मों में ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ बॉक्स ऑफिस पर कमाई करने वाली सबसे बड़ी फिल्म है।
कादिरी ने कहा, ‘मैं अभी पूरा आंकड़ा तो नही दे सकता लेकिन आरंभिक तौर पर यह जरूर कह सकता हूं कि टिकट बिक्री से अब तक फिल्म ने 40 मिलियन से अधिक की कमाई की है। सोमवार को जब पूरे पाकिस्तान के आधिकारिक आंकड़े आएंगे तो यह हमारे अनुमान से भी अधिक होने की पूरी संभावना है।’
चेन्नई एक्सप्रेस भारत के अलावा 50 देशो में भी रिलीज हुई है। यह फिल्म ओवरसीज मिलाकर अब तक 235 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है।