सतीश कौशिक ने 7 मार्च को ट्वीटर पर होली की फोटो शेयर करते हुए सभी को होली की बधाई दी थी। इन तस्वीरों में सतीश बेहद खुश नजर आ रहे हैं। बता दें की सतीश जुहू के जानकी कुटिर में होली पार्टी में शामिल हुए थे। इस पार्टी में उनके साथ जावेद अख्तर, बाबा आजमी, शबाना आजमी, अली फजल और ऋचा चड्ढा भी मौजूद थे। सतीश ने इन तस्वीरों को ट्वीट करते हुए लिखा था, 'कलरफुल और फन होली। नव विवाहित जोड़ी (अली फजल और ऋचा चड्ढा) से मिला। सभी को होली की ढेर सारी शुभकामनाएं'। सतीश कौशिक के इस आखिरी ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स भी दुख जता रहे हैं। किसी को अंदाजा नहीं था कि सतीश कौशिक का होली पर किया गया ट्वीट उनका आखिरी ट्वीट होगा।
कथित तौर पर सतीश कौशिक का 8 मार्च को 66 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनकी मृत्यु की खबर उनके दोस्त अनुपम खेर ने 9 मार्च की सुबह एक ट्वीट करके दी। आखिरी बार सतीश कौशिक को अब ऑनस्क्रीन, कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी में देखा जाएगा। कई सितारे और फैन्स दिवंगत अभिनेता सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।