फिल्म इंडस्ट्री निर्देशक संजय गुप्ता के अचानक निधन से शोक में है। 30 अक्तूबर 2026 को 57 वर्ष की आयु में निर्माता का निधन हो गया। अब उनके निधन के बाद उनसे जुड़ा एक किस्सा फिर से चर्चा में आ गया है। जानिए क्या है पूरा मामला।
विज्ञापन
1997 में हुई थी संजय की शादी
संजय गुप्ता की पत्नी अनु लेखी गुप्ता और उनके दो बच्चे हैं। संजय और अनु की प्रेम कहानी साल 1994 में शुरू हुई थी। दोनों ने करीब ढाई साल तक एक-दूसरे को डेट किया और फिर 18 अगस्त 1997 को शादी कर ली। हालांकि, शादी के कुछ साल बाद ही उनके रिश्ते में दरार आने लगी। साल 2003 में दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया और उनका तलाक हो गया।
तलाक के बाद संजय और अनु अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए, लेकिन संजय के दिल से अनु की यादें नहीं गईं। तलाक के बाद संजय की जिंदगी में दो और रिश्ते आए, लेकिन वह अनु को भुला नहीं पाए। उन्होंने कई साल तक अनु को मनाने की कोशिश की। आखिरकार, साल 2009 में दोनों ने एक बार फिर शादी कर ली और अपने रिश्ते को नया मौका दिया।
विज्ञापन
Trending Videos
संजय दत्त, संजय गुप्ता
- फोटो : इंस्टाग्राम
अंडरवर्ल्ड से जुड़ा था शादी टूटने का कारण
संजय और अनु कई बार अपने अलग होने की वजहों पर बात कर चुके थे। लेकिन अपने आखिरी इंटरव्यू में संजय ने अपनी शादी टूटने की एक ऐसी वजह बताई, जिसके बारे में कम ही लोग जानते थे। उन्होंने बताया कि उनकी जिंदगी में अंडरवर्ल्ड से जुड़ा एक ऐसा वाकया हुआ था, जिसका असर उनकी शादी पर भी पड़ा।
संजय ने बताया कि अंडरवर्ल्ड से जुड़े कुछ लोगों से संपर्क बनाए रखने के लिए उनका एक दोस्त उन्हें अपना खाली फ्लैट इस्तेमाल करने देता था। संजय वहां जाकर फोन कॉल का इंतजार करते थे। जब भी अंडरवर्ल्ड से जुड़े किसी व्यक्ति से बात करने का मौका मिलता, वह वहीं से बातचीत करते थे। यह सिलसिला करीब चार से पांच महीने तक चला।
संजय गुप्ता
- फोटो : सोशल मीडिया
पत्नी को था ये शक
इस दौरान संजय अपनी पत्नी अनु को यह नहीं बता पाते थे कि वह कहां जा रहे हैं और किससे मिल रहे हैं। उन्हें डर था कि अगर उन्होंने अनु को इस बारे में बताया तो वह भी इस मामले में उलझ सकती हैं। लेकिन संजय के बार-बार बिना कुछ बताए घर से बाहर जाने के कारण अनु को शक होने लगा था कि उनका किसी दूसरी महिला के साथ अफेयर चल रहा है।
इस बारे में बात करते हुए संजय ने कहा था, 'मैं उन्हें नहीं बता सकता था कि मैं कहां जा रहा हूं। उन्हें लगता था कि मेरा किसी के साथ अफेयर चल रहा है। मैं उन्हें यह नहीं बता सकता था कि मैं कहां जा रहा हूं, क्योंकि मुझे उन्हें इस सब से दूर रखना था।'
संजय ने यह भी माना था कि उनकी शादी में दूसरी परेशानियां भी थीं। हालांकि, उन्हें व्यक्तिगत तौर पर लगता था कि अंडरवर्ल्ड से जुड़ा यह पूरा मामला उनके और अनु के अलग होने की सबसे बड़ी वजहों में से एक था। इसी वजह से दोनों ने एक समय अपनी राहें अलग करने का फैसला किया था।