सतीश कौशिक द्वारा निर्देशित फिल्म 'तेरे नाम' ने वर्ष 2003 में सफलता हासिल की थी। इस फिल्म में न केवल दर्शकों ने सलमान की एक्टिंग काफी पसंद की थी, बल्कि सलमान खान का खास हेयर स्टाइल काफी लोकप्रिय हो गया था। यहां तक कि आज भी यह हेयर स्टाइल छोटे शहरों की शान है।
अपनी इसी लोकप्रियता को देखते हुए सलमान ने फिर से तय किया है कि वे एक बार फिर से उसी लुक में नजर आयेंगे। वे अपने भाई सोहेल खान की एक फिल्म में तेरा नाम वाले लुक में दिखेंगे। इस फिल्म का नाम 'राधे' रखा गया है। मालूम हो कि 'तेरे नाम' फिल्म में सलमान के करेक्टर का नाम राधे था। इस फिल्म में सलमान फिर से लंबे बालों में नजर आयेंगे।
हालांकि फिलहाल सलमान सोहेल खान की फिल्म 'शेर खान' में काम करने जा रहे हैं, लेकिन 'राधे' के प्रोजेक्ट को लेकर भी वह काफी उत्साहित हैं और उन्होंने सोहेल से कहा है कि वे इस प्रोजेक्ट पर भी साथ साथ काम करना शरू कर दे। सलमान ने कहा है कि वह सोहेल के 'शेर खान' के बाद एक और फिल्म में काम करने जा रहे हैं। फिलवक्त सोहेल दुबई से लौट आये हैं।
वे दुबई में अपनी फिल्म 'शेर खान' के 3डी तकनीक से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण चीजें व तकनीक सीखने गये थे। सलमान अगले साल से फिल्म 'शेर खान' की शूटिंग शुरू करेंगे। वैसे ट्रेड पंडितों का मानना है कि सलमान जिस तरह तेरे नाम से घर घर की पहचान बन गये थे। हो सकता है कि अगर वह राधे में फिर से वही अंदाज लायें तो वे फिर से दर्शकों के और चहेते बन जायेंगे।