IIFA 2017 की बड़ी PC के दौरान कैटरीना के लिए ऐसा कुछ किया जिसे सुनकर आप भी ब्लश करने लगेंगे। अमर उजाला की IIFA 2017 की सबसे बड़ी और खास कवरेज के चलते हम आप तक ये खबर लाए हैं। दरअसल सलमान स्टेज पर मौजूद थे और कैट भी उनके साथ वहीं थी।
स्पॉन्सर्स की खिंचाई करते करते सलमान ने कैट के लिए बर्थडे सॉन्ग गा दिया। सलमान ने कहा, '16 जुलाई को कैटरीना कैफ का बर्थडे है और उसका जश्न आज और अभी से शुरू कर रहे हैं।'
इसके साथ ही उन्होंने कैटरीना के लिए भरी महफिल में हैपी बर्थडे गाना गाया जिसमें उनका साथ स्टेज पर मौजूद बाकी सभी कलाकारों ने दिया।
इससे पहले सलमान ने स्पॉन्सर्स की खूब जमकर खिंचाई की। दरअसल, सलमान प्रेस कांफ्रेंस में आए, आकर बैठे और काफी देर तक बैठे रहे पर सलमान को किसी ने स्टेज पर नहीं बुलाया। स्टेज पर एक एक कर सारे स्पॉन्सर्स को बुलाया जाता रहा। उनकी कंपनियों ने आइफा के साथ मिलकर पिछले कुछ सालों में क्या कमाल किए, ये भी बताया जाने लगा।
जाहिर है सलमान इनसब से बोर हो गए। वो अपनी सीट से उठकर चल दिए। एक बार तो लगा कि जैसे सलमान जा रहे हैं, लेकिन वो ना जाने क्या सोचकर स्टेज के पास जाकर खड़े हो गए। स्टेज पर बुलाए जाने तक वह करीब 15-20 मिनट वहीं खड़े रहे। और, जब स्टेज पर उनके बोलने का नंबर आया तो उन्होंने आइफा के पूरे आयोजन को धो डाला।
सलमान ने कहा कि इतना बोरिंग आयोजन उन्होंने पहले नहीं देखा। सब कह रहे हैं कि आइफा रॉक्स और अगर यही मनोरंजन है तो वाकई आइफा रॉक्स। आयोजको के चेहरों का रंग उड़ गया। सलमान ने फिर बाद में बात को संभाला और आइफा की तारीफ भी की। ये भी कहा कि हिंदी फिल्मों के बाकी सितारों के साथ वह भी 15 जुलाई को परफॉर्म करेंगे और न्यूयॉर्क पहुंचे दुनिया भर के फिल्म प्रेमियों का मनोरंजन करेंगे।