शाहरुख खान अपनी फिल्म 'रईस' की शूटिंग में इन दिनों व्यस्त हैं। 'रईस' को शाहरुख अगले साल ईद पर रिलीज करने वाले हैं। लेकिन अब शाहरुख 2016 में ईद पर बॉक्स ऑफिस पर अकेले नहीं रह गए हैं।
सलमान भी अगले साल ईद पर अपनी फिल्म 'सुल्तान' के साथ आ रहे हैं। यशराज बैनर्स के तले बन रही सुल्तान की रिलीज की तारीख की जानकारी यशराज फिल्म्स की ओर से किए गए ट्वीट से दी गई है।
ये है यशराज फिल्म्स का ट्वीट
Drop EVERYTHING: @BeingSalmanKhan In & As SULTAN
#SultanEid2016
https://t.co/GECTgz0x6Y #YRFBuzz— Yash Raj Films (@yrf) June 23, 2015
'सुल्तान' के टीजर में हैं सिर्फ सलमान खान
यशराज फिल्म्स की ओर से जारी किए गए 'सुल्तान' के टीजर की शुरुआत एक उद्धरण के साथ होती है जिसमें कहा गया है कि 'पहलवानी कोई खेल नहीं है ये अपने अंदर की बुराइयों से लड़ने का नाम है।' टीजर में इस उद्धरण के अलावा यशराज फिल्म्स और सलमान का नाम दिया गया है।
'सुल्तान' के निर्देशक अली अब्बास जफर हैं। जफर इससे पहले गुंडे को निर्देशित कर चुके हैं। गुंडे में काम करने वाले रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर ने भी अपने-अपने ट्विटर अकाउंट से 'सुल्तान' का टीजर शेयर किया है।
ये है 'गुंडे' के अभिनेता रणवीर सिंह का ट्वीट
Sabse bada Gunda @aliabbaszafar .... sabse badi film http://t.co/m4FrLfgFLD #SultanEid2016— Ranveer Singh (@RanveerOfficial) June 23, 2015
'रईस' में शाहरुख दिखेंगे पाकिस्तानी अभिनेत्री के साथ
'रईस' में शाहरूख पाकिस्तान की खूबसूरत अदाकारा माहिरा खान के साथ रोमांस करते दिखेंगे। 'रईस' को राहुल ढोलकिया निर्देशित कर रहे हैं और फरहान अख्तर इसको प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में शाहरुख एक गुजराती डॉन के किरदार में दिखेंगे।
'सुल्तान' में अभिनेत्री के नाम को लेकर अभी कुछ फाइनल नहीं हो सका है। प्रियंका चोपड़ा और कंगना के फिल्म में काम करने की खबरें थी लेकिन कंगना ने फिल्म करने से मना कर दिया। सलमान खान के साथ अभी कीर्ति सेनन का नाम तकरीबन तय माना जा रहा है।
पहले भी हो चुकी है दोनों खानों में टक्कर
दोनों खान पहले भी बॉक्स ऑफिस पर भिड़ चुके हैं। 2006 में सलमान खान की 'जानेमन' और शाहरुख की 'डॉन' एक साथ रिलीज हुई थी। सलमान और शाहरुख दोनों का ही एक बड़ा फैन वर्ग माना जाता है।
हालांकि दोनों खान इन दिनों दोस्ती की बात कर रहे हैं 'बजरंगी भाईजान' का टीजर भी शाहरुख ने ही अपने ट्विटर से पोस्ट किया था। आमतौर पर देखा जाता है कि शाहरुख दिवाली पर, आमिर क्रिस्मस पर और सलमान ईद पर अपनी फिल्में रिलीज करते हैं।