बॉलीवुड के सबसे चहेते अभिनेता सलमान खान पर एक फिल्म निर्माता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सलमान खान पर शोषण का आरोप लगाते हुए 250 करोड़ रुपये की मानहानि का मामला दर्ज कराया है। सलमान पहले से ही तीन गंभीर मामलों में उलझे हुए हैं।
अब ये नया मामला सलमान की फिल्म 'वीर' से जुड़ा हुआ है। दि इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक 2010 में आई फिल्म वीर के आर्थिक पहलुओं को लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है। जिसमें फिल्म निर्माता विजय गलानी ने सलमान पर मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
निर्माता के मुताबिक सलमान ने तब विजय से सोहैल खान व साजिद नाडियावाला के साथ फिल्म प्रोड्यूस करने की बात की थी। लेकिन बाद में उन्हें 10 करोड़ रुपये की राशि पर हीरो के तौर पर साइन कर लिया गया। साथ ही ये भी समझौता किया गया कि अगर फिल्म सुपरहिट होती है, तो सलमान को 15 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। लेकिन हुई सुपर फ्लॉप और...
फिल्म फ्लॉप होने पर बढ़ा विवाद
सलमान खान की वीर सुपर फ्लॉप रही। इसलिए समझौते मुताबिक फिल्म निर्माता सलमान को 15 करोड़ देने को बाध्य नहीं थे। इसके संबंध में उन्होंने सलमान को स्पष्ट भी कर दिया था। बॉलीवुड लाइफ डॉट कॉम से बात करते हुए विजय ने बताया कि सबकुछ सामान्य चल रहा था, सलमान उनसे वैसे ही मिल रहे थे।
लेकिन एक दिन अचानक उनके पास सलमान खान के कार्यालय से नोटिस आया और पैसे देने की मांग की गई। और पैसे न देने की स्थिति में उस समझौते के कागजात दिखाने की बात की गई कि जिसमें फिल्म फ्लॉप होने को लेकर तथ्य लिखे थे।
फिर पैसे को लेकर सलमान सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन गए। इसके बाद उन्होंने अपने पैसे को लेकर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एसोसिएशन में यह मामला उठा दिया था। बात यही खत्म नहीं हुई सलमान की तरफ से विजय के खिलाफ एक नॉन-कॉपरेशन लेटर जारी कर दिया गया। इसके बाद कोर्ट पहुंच गए विजय और...
विजय ने जीत लिया केस अब सलमान पर मानहानि
पैसों को लेकर लगातार परेशान किए जाने पर फिल्म निर्माता विजय गलानी ने कोर्ट जाना उचित समझा। वहां मामले की तीन सालों तक सुनवाई चलती रही। विजय ने वहां फिल्म के सभी आर्थिक पहलुओं और फिल्म को लेकर हुए सभी समझौतों के साक्ष्य पेश किए।
और आखिरकार विजय ने केस जीत लिया। अब उन्होंने तय किया है कि वो सलमान की हरकतों के खिलाफ जाएंगे। इस बाबत उन्होंने खुद को लगातार परेशान किए जाने, बदनाम करने और मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए सलमान के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है।
साथ ही सलमान पर अपनी क्षतिपूर्ति के लिए 250 करोड़ रुपये का दावा ठोंका है। गलानी के मुताबिक उन दिनों सलमान की फीस (युवराज, वांटेड) के तौर पर 7 से 8 करोड़ रुपये थी। लेकिन वीर में उन्हें 10 करोड़ पर साइन किया गया। इसके बारे में सलमान के पिता ने भी कहा था कि यह सलमान के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके बावजूद सलमान लगातार 15 करोड़ की मांग करते रहे।
सलमान ने पैसे के लिए क्या-क्या नहीं किया
मामले पर गलानी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मार्च 2010 में उन्हें सलमान के ऑफिस से एक लेटर मिला जिसमें एग्रीमेंट दिखाने कि मांग रखी गई थी। सलमान सारे एग्रीमेंट लेकर 'सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन' पहुंच गए और ज्यादा रकम की मांग की, लेकिन वहां फैसला गलानी के हक में हुआ।
सलमान ने 'फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एसोसिएशन' के दरवाजे भी खटखटाए, लेकिन गलानी ने साफ दिखा दिया कि उन्हें कोई ज्यादा प्रॉफिट नहीं हुआ। कोर्ट ने भी सलमान के रिप्रेजेन्टेटिव को बुलाकर यही सवाल किया कि किस आधार पर वो ज्यादा पैसे मांग रहे थे, जबकि मुनाफा हुआ ही नहीं था।
इसका उनके पास कोई जवाब नहीं था। इस दौरान प्रोड्यूसर गलानी ने सलमान खान के खिलाफ उन्हें बदनाम करने और तीन साल तक मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए 250 करोड़ रुपए की मानहानि का केस कर दिया है।