सलमान खान ने अपनी अपकमिंग फिल्म 'ट्यूबलाइट' की शूटिंग पूरी कर ली है। अब वो फिल्म 'टाइगर जिंदा है' की शूटिंग की तैयारी में जुट गए हैं। इस मूवी में सलमान के अपोजिट कटरीना कैफ नजर आएंगी। ये फिल्म 'एक था टाइगर' का सीक्वल होगी।
फिल्म को डायरेक्टर अली अब्बास जफर डायरेक्ट करेंगे। हाल ही में अली अब्बास ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि इस फिल्म की शूटिंग जीरो फ्रीजिंग लोकेशन में शुरू होगी। इसके अलावा फिल्म को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
खबर है कि इस फिल्म के लिए सलमान खान ने अपना वजन 17 किलो कम कर लिया है। ऑस्ट्रिया में सलमान इस फिल्म की शूटिंग 15 मार्च से शुरू करने वाले हैं। वजन कम करने के चलते अब सलमान खान का लुक बिलकुल बदल गया है। उन्होंने फिल्म 'सुलतान' के लिए अपना वजन बढ़ाया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान फिल्म में जबरदस्त एक्शन करते नजर आएंगे। बता दें कि इस फिल्म से पहले सलमान और कटरीना कई फिल्मों में नजर आ चुके है। दोनों ने मैनें प्यार क्यों किया, पार्टनर, युवराज जैसी फिल्मों में साथ काम किया है।