साहेल खान, सलमान खान को लेकर 'मेंटल' नाम की जो फिल्म बना रहे हैं उसके लिए अभी भी नायिका का चुनाव नहीं हो सका है। बीच में ऐसी खबरें आयी थीं कि इस फिल्म के लिए 'कॉकटेल' फेम डायना पेंटी का नाम फाइनल हो गया है लेकिन ऐसा नहीं है। सोहेल को अभी भी नायिका की तलाश है।
फिल्म की शूटिंग मार्च से शुरू होने की सम्भावना है, लेकिन सोहेल को अभिनेत्री का चुनाव करने के लिए और समय चाहिए। 'बिग बॉस 6' की प्रतियोगी करिश्मा कोटक को लिए जाने की अफवाहों के समाप्त हो जाने के बाद ऐसी खबर है कि पेशेवर नर्तकी डेजी शाह पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा प्रियंका चोपड़ा का नाम भी इस फेहरिस्त में शामिल है।
सोहेल ने कहा, "हम कई अभिनेत्रियों पर विचार कर रहे हैं। हमारी लम्बी सूची में डेजी का नाम भी शामिल किया गया है। हम सूचीबद्ध की गई अभिनेत्रियों का अगले सप्ताह स्क्रीन टेस्ट ले रहे हैं। अभी किसी भी अभिनेत्री का नाम तय नहीं हुआ है।"