हिंदी सिनेमा और वेब सीरीज में अपने दमदार किरदारों से पहचान बनाने वाली संदीपा धर अपने नाटकों के चलते पूरी दुनिया घूमती रहती हैं। इन दिनों उनके नाटक लंदन वेस्टसाइड स्टोरी के शोज लंदन में हो रहे हैं और इस ब्रॉडवे शो का 175वां मंचन वहां जल्द ही होने वाला है।
इस नाटक में अपने किरदार मारिया के लिए वाहवाही बटोरती रहीं संदीपा कहीत हैं, ‘नाटकों में काम करना मेरे लिए हमेशा से सुकुन भरा रहा है। स्टेज पर ही एक कलाकार का असली इम्तिहान होता है और ये हर बार आपको अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित करता रहता है। आजादी की सालगिरह मैं इस बार लंदन में ही मनाने वाली हूं और यहां मेरे इस नाटक का 175वां शो भी होने जा रहा है जो कि इतने बड़े नाटक के लिए बहुत कमाल की उपलब्धि है। लंदन आने से पहले पेरिस में भी हमारा शो हुआ और भारत से इतनी दूर आकर शो करना और दर्शकों का प्यार पाना मेरे लिए बहुत ही सम्मान की बात है।’
दबंग और हीरोपंती जैसी फिल्मों में दर्शकों का ध्यान खींचने वाली संदीपा धर हाल ही में जी5 की वेब सीरीज अभय में नजर आई थीं। इसके अलावा इन दिनों वह कुछ और वेब सीरीज व फिल्मों में भी काम कर रही हैं।