महबूब स्टूडियो में मैं सलमान खान के पास ही बैठी थी क्योंकि सभी कुर्सियां भर चुकी थीं। उनसे सवाल जवाब शुरू हुआ और सभी लोग एक-एक कर सलमान से अपने सवाल पूछने लगे।
तीसरे मिनट में ही मेरी बारी आ गई, मैंने सलमान से पूछा कि पहलवान की तरह ट्रेनिंग करने में आपको क्या-क्या मुश्किलें आईं, जिसके जवाब में सलमान बड़े ही हाव-भाव बनाते हुए बताने लगे कि वो कैसे मेहनत करते, पटकी खाते, दंड लगाते थे और यकीन मानिए कि वो बड़े ही मनोरंजक तरीके से यह सब बता रहे थे।
सुनिए क्या कहा था सलमान ने? सभी को स्वाभाविक रुप से हंसी आ रही थी कि अचानक सलमान के मुंह से निकला कि वो किसी 'रेप विक्टिम' की तरह महसूस कर रहे थे।
सलमान की इस बात को सुनकर पहली कतार में बैठे लोग असहज हो गए
सलमान खान
- फोटो : BBC
यहां तक कि कहानी आप सभी ने सुनी होगी लेकिन असल कहानी इसके बाद होती है। सोशल मीडिया, टीवी चैनलों के मुताबिक सलमान की इस बात पर सब हंसने लगे और फिर बात आई गई हो गई, लेकिन ये सच नहीं है।
सलमान की इस बात को सुनकर पहली कतार में बैठे लोग असहज हो गए, मैंने सलमान की ओर देखा तो सलमान भी बोलते-बोलते रुक गए, वो महसूस कर सकते थे कि वो कुछ गलत कह गए हैं, तुरंत बोले, “नहीं, मुझे यह नहीं कहना चाहिए था, मैं कहना चाह रहा था कि मैं चल नहीं पा रहा था।
सलमान ने अपने शब्द वापस लिए और इस दौरान पीछे वाली कतार के लोग जो अभी पिछली बात पर हंस रहे थे चुप नहीं हुए थे।
सुनने वाले को ऐसा लगेगा कि लोग सलमान की 'रेप' वाली बात पर हंस रहे थे लेकिन 30 लोगों में से कौन कितनी देर तक हंसेगा यह तय नहीं किया जा सकता।
हम इस बात को भूल गए क्योंकि सलमान अपने शब्द वापस ले चुके थे
सलमान खान
लेकिन यह मैं दावे से कह सकती हूं कि सलमान और उनके पास बैठे लोग उस वक्त असहज और गंभीर हो गए थे। हम इस बात को भूल गए क्योंकि सलमान अपने शब्द वापस ले चुके थे लेकिन अचानक रविवार देर रात एक मीडिया हाउस ने उस बयान को अपनी हेडलाइन बना दिया।
सलमान को खींच लिया गया था और वो बुरे फंसे थे। सोमवार की सुबह आते आते हमें कई चैनलों और अखबारों से फोन आने लगे कि हम सामने आएँ और बताएं कि सलमान ने कैसे बलात्कार जैसे घिनौने शब्द का मजाक में इस्तेमाल किया है, लेकिन मैं इससे सहमत नहीं थी।
सलमान ने ऐसा किसी सोच के तहत नहीं किया था। वो एक भारी भूल कर गए थे जिसकी गलती उन्होंने उसी वक्त महसूस कर ली थी। प्रिंट इंटरव्यू का एक नियम होता है कि अगर आर्टिस्ट यह कहे कि वो किसी बात को नहीं कहना चाहता या उसे यह नहीं कहना चाहिए था तो उस बात को लिया नहीं जाता लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं हुआ।
सलमान ने जो कहा था वो मुझे बुरा लगा था, खास तौर पर एक महिला होने के नाते, लेकिन एक जिम्मेदार पत्रकार होने के नाते मैं इससे इनकार नहीं कर सकती कि सलमान ने अपनी गलती मान ली थी कि उन्हें ऐसा नहीं कहना चाहिए था।