शाहरुख और सलमान खान फिर से गले मिलने जा रहे हैं। अब सीन की पटकथा शाहरुख खान द्वारा लिखी गयी है। उन्होंने शाहरुख को अपने घर होने वाली रोजा इफ्तार पार्टी में आमंत्रित किया है।
पिछले दिनों एक इफ्तार पार्टी में बॉलीवुड के दबंग और किंग खान के मिलन के बाद फिर से माहौल गर्म होने के आसार दिख रहे हैं। चर्चा जोरों पर है कि शाहरुख खान और सलमान खान फिर एक साथ नजर आ सकते हैं।
इस बार पहल होगी शाहरुख की तरफ से जो अगले हफ्ते अपनी फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' के प्रीमियर की तैयारियों में लगे हुए हैं। प्रीमियर मुंबई में होना है।
बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य बाबा सिद्दीकी की पार्टी में सलमान खान द्वारा आगे बढ़ कर शाहरुख को गले लगाने के बाद किंग खान भी संदेश देना चाहते हैं कि वह पुराने शिकवों को भुलाना जानते हैं।
यही कारण है कि शाहरुख की कंपनी रेड चिलीज की तरफ से 'चेन्नई एक्सप्रेस' के प्रीमियर के लिए सलमान को सपरिवार निमंत्रित किए जाने की तैयारी चल रही है।
कई लोग इफ्तार पार्टी में दोनों सितारों के गले मिलने को शिष्टाचार मान रहे थे, लेकिन पता चला है कि शाहरुख इस मामले में गंभीर हैं। उन्होंने इफ्तार पार्टी के अगले दिन ट्वीट भी किया था, जिसमें बीती बातों को बिसार देने के संकेत थे। अब वे एक कदम और आगे बढ़ाने की तैयारी में हैं।
शाहरुख कैंप के सूत्रों का कहना है कि फिलहाल किसी को निमंत्रण नहीं भेजे गए हैं, लेकिन आने वाले दो-तीन दिनों में स्थिति बिल्कुल साफ हो जाएगी।
चर्चा यहां तक है कि अगर किसी कारण से मुंबई में प्रीमियर नहीं होता तो शाहरुख सलमान और उनके परिवार के लिए फिल्म के विशेष शो का आयोजन करा सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि इफ्तार पार्टी में सलमान से गले मिलने के बाद शाहरुख खान उनके पिता सलीम खान के पास जाकर बैठे थे और करीब आधे घंटे दोनों में बातचीत हुई थी। उधर सलमान कैंप में चर्चा है कि प्रीमियर का निमंत्रण आने पर कोई भी फैसला सलमान को ही करना है।
वैसे तय है कि पांच साल पुरान शत्रुता भले ही खत्म न हुई हो लेकिन उसकी आंच तो धीमी पड़ ही गई है। ऐसे में संभव है कि अगर सलमान प्रीमियर में नहीं भी जाते हैं तो उनके परिवार के सदस्य शाहरुख की दरियादिली के जवाब में उनके मेहमान जरूर बन सकते हैं।