सलमान खान के स्टारडम को 2019 में टक्कर देना किसी भी सितारे के लिए मुमकिन नहीं दिख रहा। अब तक के कैलेंडर की मानें तो अभी तक हर साल ईद को अपनी फिल्म के लिए बुक करने वाले सलमान ने अगले साल क्रिसमस की भी बुकिंग कर ली है। सूत्रों के मुताबिक सलमान की भारत की शूटिंग तेजी से चल रही है और वह इस भव्य फिल्म को अगले साल ईद पर लेकर आएंगे। इस बीच सलमान और उनके भाई अरबाज ने अगले क्रिसमस पर भी आने का फैसला किया है।
निर्देशक प्रभु देवा ने दबंग-3 के प्रोडक्शन पर काम करना शुरू कर दिया है। सब कुछ ठीक चला तो भारत की शूटिंग खत्म होते ही सलमान दबंग सीरीज की नई फिल्म में जुट जाएंगे और यह 2019 में क्रिसमस पर रिलीज होगी। जानकारों की मानें तो सलमान ने दोनों तारीखें अपने नाम लिख लीं तो बाकी सितारों के लिए अपनी फिल्मों के साथ ईद तथा क्रिसमस पर उन्हें चुनौती देना कठिन हो जाएगा। अक्षय कुमार, अजय देवगन और ऋतिक रोशन भी अगले साल बड़ी फिल्मों के साथ आने वाले हैं। इन दिनों बॉलीवुड सितारों को हॉलीवुड समेत साउथ की फिल्मों से भी छुट्टी के मौसमों में कड़ी टक्कर मिल रही है। ऐसे में सलमान भी अगर जगह छुट्टी वाली घेरते चलेंगे तो सितारों की समस्याओं का कोई अंत नहीं होगा।