‘किक’ के प्रोमो रिलीज पर सलमान खान मौजमस्ती के मूड में थे और अपनी फिल्म के अलावा उन्होंने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। जब उनसे उनकी पुरानी दोस्त प्रिटी जिंटा और बिजनेसमैन नेस वाडिया के बीच चल रहे विवाद को लेकर मीडिया ने सवाल किए तो सलमान ने साफ कहा कि ‘आप गलत जगह पर आ गए हैं।’
पुरानी है दोस्ती
लेकिन जब एक टीवी रिपोर्टर ने उनसे बार-बार जवाब देने का आग्रह किया तो सलमान ने अपने स्टाफ से कहा कि इनसे माइक ले लिया जाए। साथ ही सलमान ने अपना माइक को-स्टार रणदीप हूडा को दे दिया। रणदीप से भी जब यह सवाल हुआ तो उन्होंने ठंडे शब्दों में कहा कि मुझे लगता है कि यह उनका निजी मामला है। मुझे इस पर कुछ नहीं कहना चाहिए। उल्लेखनीय है कि प्रिटी से सलमान की दोस्ती तब से है जब वे ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ (2000) में साथ आए थे।
आमिर और शाहरुख ने ओढ़ रखी है चुप्पी
इस मामले में आमिर खान ने पूरी तरह से चुप्पी ओढ़ रखी है। एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए आमिर से जब इस बारे में पूंछा गया तो उन्होंने इस तरह की प्रतिक्रिया दी जैसे वह प्रीति जिंटा को जानते ही न हों। वह इस मामले पर सही या गलत कुछ भी बोलने से बचे। कुछ ऐसी ही प्रतिक्रिया शाहरुख खान की भी रही। वह भी नेस और प्रीति के मामले में अपनी टिप्पणी नहीं देना चाहते।