पाकिस्तान के संगठन जमात उल दावा के चीफ हाफिज सईद ने लाहौर हाईकोर्ट में बॉलीवुड फिल्म 'फैंटम' को पाकिस्तान में बैन करने के लिए याचिका दी है। इस पर फिल्म के हीरो सैफ अली खान ने निर्देशक कबीर खान के साथ आज प्रेस कांफ्रेंस कर हाफिज सईद को जमकर लताड़ पिलाई है।
कबीर खान ने सईद को जवाब देते हुए कहा कि, ऐसी अर्जी लगाने से पहले हाफिज सईद को हमारी फिल्म देखना चाहिए। इसके बाद ही उसे किसी तरह की कयासबाजी फिल्म को लेकर लगानी चाहिए।
सैफ अली खान और कटरीना कैफ की मुख्य भूमिकाओं वाली इस फिल्म में पाकिस्तान में असली आतंकियों के बैठे होने की बात कही गई है। फिल्म में हाफिज सईद के ओरिजिनल वीडियो क्लिप भी इस्तेमाल किए गए हैं। पिछले दिनों फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद पाक में इस फिल्म का विरोध हो रहा है।
आतंकी का कोर्ट जाना बेहद हास्यास्पद
सैफ अली खान ने पाक में फिल्म पर बैन के लेकर सईद के कोर्ट जाने पर कहा कि ये तो एक मजाक है, आखिर ये कैसी व्यवस्था है जिसमें एक आतंकी कोर्ट जाकर फिल्म पर बैन की मांग कर रहा है। सैफ ने कहा कि जब कभी भी हम फिल्म बनाते हैं तो इस बात का ध्यान रखते हैं कि किसी की भी भावनाएं आहत न हो।
निर्देशक कबीर खान के बारे में सैफ ने कहा कि वो इससे पहले भी ऐसी फिल्में बना चुके हैं। वो ऐसे विषयों को ज्यादा बेहतर समझते हैं। उन्होंने कहा यह फिल्म 26-11 के मुंबई हमले पर आधारित हैं। हमले के तार किससे जुडे थे, ये सभी लोग जानते हैं। हम किसी की भी छवि खराब करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं।
सैफ ने ये भी कहा कि पाकिस्तान में फिल्म पर बैन की मांग उनके लिए चौंकाने वाली बात नहीं है। उन्हे पहले से ही इस बात का अंदाजा था क्योंकि कुछ लोग सही चीजों को आम जनता तक पहुंचने ही नहीं देना चाहते।
पाकिस्तान को बदनाम करने की साजिश है ये फिल्म
अपनी याचिका में जमात उद दावा के चीफ हाफिज सईद का कहना है, कि यह फिल्म देश के खिलाफ दुनियाभर में माहौल बनाने का दुष्प्रचार है। अपने वकील एके डोगर के जरिए सईद ने कहा है कि इस भारतीय फिल्म में पाकिस्तान और जमात-उद-दावा के खिलाफ जहर भरा हुआ है।
उसने आरोप लगाते हुए कहा है, कि फिल्म 2008 में हुए मुंबई हमले के बारे में है। जिसमें बे-वजह जमात-उद-दावा को भी उलझाया गया है। उसने कहा कि फिल्म में आतंकवाद के नाम पर पाकिस्तान के खिलाफ गंदा दुष्प्रचार किया गया है।
सैफ अली खान और कैटरीना कैफ के मुख्य किरदारों वाली फिल्म फैन्टम 28 अगस्त को रिलीज होगी।
63 करोड़ का इनामी आतंकी है जेयूडी चीफ हाफिज सईद
फैंटम के पाकिस्तान में रिलीज पर बैन की मांग करने वाले हाफिज सईद ने फिल्म में पाक-विरोधी कहानी और विषय होने का कारण कोर्ट से बैन की मांग की है। खास बात ये है कि सईद खुद अंतर्राष्ट्रीय आतंकी है, उस पर अमेरिका ने 10 मिलियन डॉलर (63 करोड़ रुपए) का इनाम रखा है।
सईद ने फैंटम की कहानी और अपनी सफाई में कहा है कि पाकिस्तानी अदालतों ने मुंबई हमले में जमात-उद-दावा और इसके किसी नेता के शामिल होने के भारत सरकार के आरोपों को खारिज कर दिया। इसलिए इस फिल्म का मकसद सिर्फ पाकिस्तान को बदनाम करना है।
लाहौर हाईकोर्ट के जस्टिस शाहिद बिलाल हसन ने याचिका की सुनवाई के लिए 10 अगस्त की तारीख तय की है।