इसी महीने 21 तारीख को रिलीज होने वाली नवाजुद्दीन सिद्दीकी और राधिका आप्टे की फिल्म 'मांझी: द माउंटेन मैन' इंटरनेट साइट पर लीक हो गई है। नवाजुद्दीन सिद्दीकी और फिल्म के निर्माताओं के लिए ये बड़ा झटका है। फिल्म की रिलीज में सिर्फ दो हफ्ते का वक्त बचा है।
पिछले दिनों 'मांझी: द माउंटेन मैन' का ट्रेलर रिलीज किया गया था, जिसमें नवाज के रोल ने फिल्म के प्रति दर्शकों की काफी उत्सुकता जगाई है। ट्रेलर को खूब पसंद किया गया है, इसके बाद फिल्म की रिलीज का इंतजार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि फिल्म के लीक होने से कमाई पर बुरा असर पड़ सकता है।
रिलीज से दो हफ्ते पहले ही फिल्म की प्रिव्यू कॉपी कई साइटों पर उपलब्ध है। आपको बता दें कि फिल्म 'मांझी: द माउंटेन मैन' बिहार के दशरथ मांझी की जिंदगी पर आधारित है, जिन्होने 22 साल तक मेहनत कर एक हथौड़े के जरिए ही पहाड़ तोड़कर रास्ता तैयार किया था।
पत्नी के प्यार में तोड़ा था मांझी ने पहाड़
बिहार के गया जिले के गहलौर गांव के दशरथ मांझी ने पहाड़ तोड़ कर रास्ता बनाया था, क्योंकि उनके गांव से शहर की दूरी इस पहाड़ की वजह से 40 किमी हो गई थी। इसी दूरी के कारण समय से इलाज ना मिलने पर दशरथ मांझी की पत्नी की मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद ही दशरथ मांझी ने पहाड़ को तोड़ने का इरादा कर लिया था।
फिल्म में मांझी के किरदार में नवाजुद्दीन हैं और उनकी पत्नी के रोल में राधिका हैं। केतन मेहता इस फिल्म के निर्देशक हैं। फिलहाल वह इस फिल्म की पूरी टीम के साथ प्रमोशन में व्यस्त हैं। सभी को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं। ऐसे में यह खबर उनके एक तगड़ा झटका साबित हो सकती है।
हाल ही में सनी देओल की मौहल्ला अस्सी भी हुई है लीक
'मांझी : द माउंटेन मैन' के रिलीज से पहले लीक होने की ये कोई पहली घटनी नहीं है। हाल ही में सनी देओल की फिल्म 'मौहल्ला अस्सी' भी इंटरनेट पर लीक हो गई थी। हालांकि इस फिल्म का मामला थोड़ा अलग है क्योंकि इस फिल्म की रिलीज पर कोर्ट ने रोक लगाई हुई है।
जबकि नवाजुद्दीन की फिल्म से फिल्मी पंडितों को काफी उम्मीदें हैं। हाल ही में रिकॉर्ड कमाई करने वाली बजरंगी भाईजान में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के रोल को काफी पसंद किया गया था।
इससे पहले 2009 में जैकमैन की फिल्म 'द वॉल्वरिन', 2010 में बॉलीवुड फिल्म 'तेरा क्या होगा जानी' और 2014 में सिल्वेस्टर स्टॉलन की फिल्म 'द एक्सपेंडेबल' लीक हो गई थी।