मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की लोकप्रियता सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं है। दुनिया के सभी क्रिकेट प्रेमी देशों में उन्हें क्रिकेट का भगवान कहा जाता है। उनकी जिंदगी पर बनने वाली बायोपिक आज भारत में रिलीज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी फिल्म वितरक भी 'सचिन: अ बिलियन ड्रीम्स' को वहां रिलीज करना चाहते हैं।
एक न्यूज एजेंसी को पाकिस्तान फिल्म्स प्रदर्शक एसोसिएशन के अध्यक्ष जोरेज लशारी ने कहा, ''बाहुबली 2' और 'हाफ गर्लफ्रेंड' जैसी फिल्में पाकिस्तान में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। इसलिए हम 'सचिन: अ बिलियन ड्रीम्स' को यहां रिलीज करना चाहते हैं अगर सेंसर बोर्ड इसे पास कर देता है तो।' इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी थियेटरों को भारतीय फिल्मों से बहुत मुनाफा हो रहा है।
वहीं फिल्म 'सचिन: अ बिलियन ड्रीम्स' के वितरक अनिल थडानी का कहना है कि फिलहाल फिल्म पाकिस्तान में नहीं रिलीज होगी। उन्होंने कहा, 'फिल्म पाकिस्तान में नहीं रिलीज हो रही है। वहां के फिल्म वितरक हमसे फिल्मों को लेकर अप्रोच करते हैं लेकिन इस फिल्म को लेकर हमसे कोई पूछताछ नहीं हुई है।' अनिल थडानी इन आशंकाओं पर कमेंट करने से मना कर दिया कि फिल्म को पाकिस्तान में न रिलीज करने के पीछे का कारण दोनों देशों के बीच का तनाव है।