हिंदी सिनेमा जगत में करीब दो दशक बीता चुके अभिनेता अक्षय खन्ना जल्द ही कॉमेडी फिल्म 'सब कुशल मंगल' में नजर आने वाले हैं। लंबे समय बाद वह इस फिल्म के माध्यम से कॉमेडी फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। इस बारे में अक्षय का कहना है कि वह एडल्ट कॉमेडी (व्यस्क कॉमेडी) का हिस्सा नहीं बनना चाहते हैं। इस वजह से वह काफी समय से किसी कॉमेडी फिल्म में नजर नहीं आए हैं क्योंकि उन्हें लगातार ऐसी ही फिल्में ऑफर हो रही थी।
अक्षय ने बताया कि वह स्क्रिप्ट चुनते समय इस बात का खास ख्याल रखते हैं कि उनकी फिल्में सभी उम्र के लोगों द्वारा पसंद की जाए। बहुत लोग डबल मीनिंग जोक्स (द्विअर्थी मजाक) को कॉमेडी के तौर पर देखते हैं और वह इसका किसी भी तरह से हिस्सा नहीं बनना चाहते हैं। गौरतलब है कि ट्रेलर लॉन्च के मौके पर भी अक्षय ने कहा था, 'मैं एक साफ-सुथरी कॉमेडी फिल्म करना चाहता था लेकिन बीते सालों में मुझे जो कॉमेडी फिल्में ऑफर हुईं वह डबल मीनिंग थी जिसे आप परिवार के साथ नहीं देख सकते। मैं अच्छे विषय की फिल्म करना चाहता था जो ऐसी चीजों से कोसों दूर हों। इस फिल्म को चुनने के पीछे मेरी यही वजह रही। यह एक साफ सुथरी और पारिवारिक फिल्म है जिसे आप अपने परिवार और करीबियों के साथ देख सकते हैं।'
अक्षय ने यह भी कहा है कि ऐसा जरूरी नहीं है कि इंडस्ट्री में काम पाने के लिए प्रभावशाली लोगों के संपर्क में बने रहना जरूरी है। इस बारे में उन्होंने कहा, 'मैं यह समझ नहीं पा रहा हूं। यानि अगर मैं करण जौहर की दस पार्टियों का हिस्सा बनता हूं तो क्या यह पक्का है कि वह मुझे अपनी अगली फिल्म में कास्ट कर लेगें? और अगर कोई मुझे कास्ट करना चाहता है और अगर मैं करण की पार्टियों में जाने से मना कर देता हूं तो क्या वह मुझे कास्ट नहीं करेगा? मुझे तो ऐसा नहीं लगता।' गौरतलब है कि इस फिल्म में अक्षय के अलावा पद्मिनी कोल्हापुरी के बेटे प्रियांक शर्मा और रवि किशन की बेटी रीवा किशन भी नजर आने वाले हैं। यह फिल्म 3 जनवरी 2020 को रिलीज हो रही है।
पढ़ें: पिता को मिले सम्मान से गदगद हुए अमिताभ बच्चन, सोशल मीडिया पर लिखा भावुक पोस्ट