कभी हां कभी ना की तर्ज पर आगे बढ़ने वाला रानी मुखर्जी और आदित्य चोपड़ा का रोमांस आखिरकार उस मुकाम पर पहुंच गया है जहां शादी होकर रहेगी।
सूत्रों का कहना है कि इस दुर्गापूजा पर अपने घर आने वाले खास पारिवारिक मित्रों को रानी की मां ने कहा है कि 2014 के वेलेंटाइन सप्ताह में अपनी तारीखें खाली रखें क्योंकि कुछ खास होने वाला है।
सूत्रों के मुताबिक शादी की तारीख अभी सुनिश्चित नहीं है, लेकिन वह आने वाले महीनों में हो जाएगी। असल में रानी मुखर्जी के माता-पिता की जिद के बाद आदित्य मान गए हैं कि वे बंगाली और पंजाबी दोनों रस्मों से शादी करेंगे। कोशिश यही है कि विवाह आदित्य के किसी मित्र के अपार्टमेंट में मुंबई में ही चुपचाप संपन्न कराया जाए।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से रानी आदित्य की दी हुई एक हीरे की अंगूठी पहनी हुई हैं। फिल्मी गलियारों में चर्चा है कि उन्होंने अपने नजदीकियों के सामने स्वीकार किया है कि आदित्य और उनकी मंगनी हो चुकी है।
कुछ महीने पहले अभिनेता-राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने रानी को एक कार्यक्रम में ‘रानी चोपड़ा’ कह कर बुलाया था और मीडिया में यह बात सुर्खियां बन गई थीं। बाद में जब शत्रुघ्न से इस बारे में पूछा गया था तो वह बोले थे, ‘मैंने सिर्फ सच कहा था।’