बायोपिक्स की रेस में एक और बायोपिक जल्द ही जुड़ने वाली है। यह बायोपिक मुंबई के मशहूर एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा पर बनने वाली है। अपने 36 साल के करियर में प्रदीप शर्मा ने करीब 312 अंडरवर्ल्ड आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा है। खबरों की मानें तो इस फिल्म का निर्देशन मशहूर निर्देशक राम गोपाल वर्मा के प्रोडक्शन हाउस में बतौर असिसटेंट डायरेक्टर काम कर रहे प्रदीप खैरवार करने वाले हैं।
खैरवार इससे पहले फिल्म रक्तचरित्र और अन्य कई फिल्मों में राम गोपाल वर्मा के साथ काम कर चुके हैं। फिल्म की शूटिंग अगस्त-सितंबर तक शुरू हो सकती है। इस फिल्म का नाम खल्लास रखा गया है, जिसमें प्रदीप शर्मा का किरदार रणदीप हुड्डा निभाएंगे और सोनू सूद उनके साथी दया नायक के किरदार में होंगे। फिल्म में साउथ सिनेमा की अदाकारा निकेशा पटेल को लीड रोल में साइन किया गया है।
प्रदीप शर्मा मुंबई पुलिस के चर्चित अफसर रहे हैं और उन्हें 2008 में आतंकवादियों के कथित संपर्क में रहने के चलते पुलिस बल से बर्खास्त भी कर दिया गया था लेकिन जांच में निर्दोष साबित होने के बाद उनकी बहाली हो गई। इससे पहले रामगोपाल वर्मा इसी तरह के एक किरदार पर फिल्म अब तक छप्पन बना चुके हैं।