शिप ऑफ थीसियस और तुम्बाड जैसी फिल्मों में अपने अभिनय की छाप छोड़ने वाले अभिनेता सोहम शाह और पिंक, उरी, ब्लैकमैल व इंदु सरकार जैसी फिल्मों में बेहतरीन परफॉरमेंस देने वालीं कीर्ति कुल्हारी पहली बार साथ काम करने जा रहे हैं। दोनों ने निर्देशक पवन कृपलानी की एक फिल्म में अभिनय किया है। हाल ही में दोनों ने फिल्म की शूटिंग भी पूरी कर ली है।
कहा जा रहा है कि सोहम ने पवन की ये फिल्म करके डिजिटल एंटरटेनमेंट के लिए भी अपने दफ्तर के दरवाजे खोल दिए हैं। वह अब सिर्फ बड़े परदे की फिल्मों के लिए ही नहीं, बल्कि उन सारे माध्यम का भी हिस्सा बनेंगे, जिसमें उन्हें अपनी कला को दरशाने का मौका मिलेगा। पवन कृपलानी की ये फिल्म एक शॉर्ट फिल्म है। इसे किस प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा, ये अभी तय नहीं है।
कीर्ति कुल्हारी भी डिजिटल वर्ल्ड में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। पिंक में अपनी दमदार भूमिका से सबको चौंकाने वाली कीर्ति साल की पहली सुपरहिट फिल्म उरी में मेन लीड कर रहीं यामी गौतम पर भारी पड़ी थीं। 'फोर मोर शॉर्ट्स' जैसी वेब सीरीज में उनकी बोल्ड भूमिका ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। मुंबई में दोनों की इस शॉर्ट फिल्म को लेकर काफी उत्सुकता है और कहा जा रहा है कि यह फिल्म वाकई में खास हो सकती है। कीर्ति और सोहम ने सोशल मीडिया माध्यम से अपनी शॉर्ट फिल्म के शूट रैप की तस्वीरें भी साझा की हैं जिससे यह भी साफ जाहिर हो रहा है कि दोनों ने ही शूटिंग में कितनी मस्ती की।