यह सुन कर कहीं आप चौंक तो नहीं गये। अरे भई चौकिये मत। रणबीर कपूर सही में चोरी नहीं करने जा रहे। बल्कि वह अपनी आने वाली फिल्म में चोर की भूमिका निभाने जा रहे हैं। जी हां, खबर है कि रणबीर, 'रॉय' नाम की एक फिल्म में काम करने जा रहे हैं। इस फिल्म में वह एक ऐसे चोर की भूमिका में हैं जो करतब दिखा कर चोरी करता है।
फिलहाल रणबीर कपूर 'ये जवानी है दीवानी' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म की शूटिंग पूरी करने के बाद वे अभिनव कश्यप की फिल्म 'बेशरम' की शूटिंग करेंगे। इन फिल्मों की शूटिंग करने के बाद वह 'रॉय' की शूटिंग शुरू करेंगे। इस फिल्म का निर्देशन विकी सिंह करेंगे। यह उनकी पहली फिल्म होगी। फिल्म का निर्माण टी सीरीज के भूषण कुमार कर रहे हैं।
खास बात यह है कि इस फिल्म में एक नहीं बल्कि दो अभिनेत्रियां होंगी। जैकलीन फर्नांडीस का नाम पहले से ही तय है और खबर है कि दूसरी अभिनेत्री के रूप में कटरीना कैफ को कास्ट करने की बात चल रही है। अगर कैटरीना इस फिल्म के लिए हां कहती हैं तो रणबीर के साथ यह उनकी दूसरी फिल्म होगी। अब देखते हैं कि दर्शकों को रणबीर को चोर बनता देख कितना भाता है।