रणबीर कपूर इन दिनों 'जग्गा जासूस' को लेकर चर्चा में चल रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ कैटरीना कैफ नजर आएंगी और दोनों मिलकर इसका जबरदस्त प्रमोशन कर रहे हैं। हाल ही में रणबीर ने फिल्म को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है। उनका कहना है कि अगर फिल्म फ्लॉप होती है तो इसके सारे पैसे डिस्ट्रीब्यूटर को वापस कर देंगे।
इससे पहले सलमान खान को लेकर भी ये बात चर्चा में थी कि 'ट्यूबलाइट' फ्लॉप होने पर वो वितरकों को पैसे वापस करेंगे।
जब रणबीर से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'ये मेरे दादा (राज कपूर) के समय 1950 से चलता आ रहा है। फिल्मों को बनाने का स्टाइल होता है, जहां हर कोई पैसे बनाता है, ना सिर्फ प्रोड्यूसर बल्कि वितरक और प्रदर्शक भी।'
रणबीर ने आगे कहा, 'ये एक हेल्दी एक्सरसाइज है। अगर फिल्म रिलीज होने के बाद कोई पैसे कमाता है और किसी को हानि होती है तो बेहतर है की आप उसकी क्षतिपूर्ती कर दें। लेकिन ये लोगों और फिल्मों पर निर्भर करता है।'
रणबीर ने बताया कि उनके दादा भी ऐसा करते थे और वो भी अब उनकी राह पर चलेंगे। जब 'मेरा नाम जोकर' रिलीज हुई थी तो वितरकों को हानि हुई थी इसलिए जब 'बॉबी' आई तो राज कपूर ने लाभ का एक बड़ा हिस्सा इन्हें दिया था।
'जग्गा जासूस' डिजनी, रणबीर और अनुराग बसु के पिक्चर शूरू प्रोडक्शन के बैनर तले प्रोड्यूस की गई है।