दो लगातार बड़ी फिल्में देने के बाद अब रणबीर कपूर तीसरी फिल्म को भी हिट बनाने की राह पर चल पड़े हैं। रणबीर वे सारे जतन कर रहे हैं जिससे उनकी तीसरी फिल्म हिट हो और उनकी हैट्रिक बने।
रणबीर कपूर का अब पूरा ध्यान अपनी आगामी फिल्म 'बेशरम' पर है। इस फिल्म में वे पहली बार अपने माता पिता नीतू कपूर और ऋषि कपूर के साथ दिखेंगे। रणबीर की पूरी कोशिश है कि उनकी यह फिल्म भी पिछली दोनों फिल्मों 'बर्फी' और 'ये जवानी है दीवानी' की तरह ही सुपर हिट साबित हो।
इसके लिए वे फिल्म के प्रमोशन पर खासा ध्यान देना चाह रहे हैं। कुछ दिन पहले ही वे श्रीलंका से लौटे हैं, जहां वे अनुराग कश्यप की फिल्म बांबे वेलवेट की शूटिंग कर रहे थे। इस फिल्म का एक शिड्यूल पूरा हो चुका है।
अगला शिड्यूल 'बेशरम' के प्रदर्शन के बाद ही किया जाएगा। असल में रणबीर चाहते हैं कि बेशरम को बड़ी सफलता मिले और उनकी हिट फिल्मों की हैट्रिक बन जाए। बेशरम के बारे में ट्रेड विशेषज्ञों का आकलन है कि यह फिल्म बड़ी हिट होगी। इसकी वजह फिल्म की विषय वस्तु है।
इन दिनों दर्शक हल्की फुल्की कॉमेडी को पसंद कर रहे हैं। वैसे भी बेशरम में रणबीर के साथ नीतू और ऋषि कॉमेडी के रंग में रंगे दिखेंगे। दर्शकों को इस तिकड़ी की कॉमेडी देखने का बड़ा इंतजार है।