जिस दिन का हम सभी पिछले कई दिनों से इंतजार कर रहे थे, वह आखिरकार आज आ ही गया। आज रणबीर और आलिया की शादी होने जा रही है। शादी का जश्न कल मेहंदी सेरेमनी के साथ शुरू हो गया है। अब नीतू कपूर, रिद्धिमा कपूर, शाहीन भट्ट, सोनी राजदान सहित सभी लोग रणबीर कपूर के घर 'वास्तु' में हो रहे कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। इस शादी में केवल परिवार के करीबी लोग और दोस्त ही शामिल होंगे। इस खास दिन पर रणधीर कपूर को अपने भाई ऋषि कपूर की याद आ रही है।
इस खास मौके पर एक बातचीत के दौरान रणधीर कपूर ने बताया 'हम सभी बहुत खुश हैं कि आज उनकी शादी हो रही है। यह हमारे लिए बेहद खुशी का पल है। सच कहूं तो आज हर कोई इमोशनल है।' 75 वर्षीय अभिनेता ने कहा- 'यह परिवार के लिए एक बड़ा दिन है और चिंटू को यहां होना चाहिए था। हम उसे हर दिन याद करते हैं, लेकिन आज उसकी ज्यादा याद आ रही है।
रणधीर कपूर ने आगे कहा- 'जीवन चलता रहता है, वह किसी के लिए नहीं रुकता। यह देखकर अच्छा लगा कि रणबीर और आलिया अपनी जिंदगी के नए अध्याय की शुरूआत कर रहे हैं। रणधीर कपूर ने कहा- काश ऋषि इस पल को देखने के लिए यहां होते। मुझे आज उसकी बहुत याद आ रही है।' दरअसल, इस खास मौके पर ऋषि कपूर का न होना पूरे परिवार को परेशान कर रहा है। इसीलिए सभी इमोशनल हैं।
रणबीर आलिया की शादी का कार्यक्रम शुरू हो चुका है। सभी मेहमान धीरे-धीरे करके पहुंच रहे हैं। शादी में कपूर सिस्टर्स भी पहुंच चुकी है। शादी के बाद शाम 7 बजे रणबीर और आलिया मीडिया के सामने आएंगे और फोटोशूट कराएंगे। आलिया और रणबीर ने पांच साल पहले अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र के दौरान एक दूसरे को डेट करना शुरू किया था।