बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट आखिरकार एक्टर रणबीर कपूर की दुल्हनिया बन चुकी हैं। 14 अप्रैल को परिवार और खास दोस्तों की मौजूदगी में दोनों ने एक- दूसरे से शादी रचाई। कपल ने कपूर परिवार के बांद्रा स्थित घर वास्तु में शादी की। इस शादी के बाद से ही सभी लोग रणबीर और आलिया को दूल्हा- दुल्हन के गेटअप में देखने को बेताब थे। यही वजह थी कि जैसे ही रणबीर- आलिया की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं, वह तेजी से वायरल हो गईं। रणबेलिया की इन तस्वीरों पर जहां कई लोग अपना प्यार लुटा रहे हैं, तो वहीं कुछ ऐसे भी हैं जिन्होंने इस मौके पर एक्ट्रेस के लुक पर ही सवाल उठा डाला।
रणबीर- आलिया की शादी की तस्वीरों को देख कुछ लोगों ने दुल्हन बनीं आलिया की ड्रेस को कॉपी बता डाला। दरअसल, इंटरनेट पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इस फोटो में एक तरफ नई नवेली दुल्हन आलिया भट्ट नजर आ रही हैं, तो वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा कंगना रणौत दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि दोनों अभिनेत्रियों की इन तस्वीरों में उनका गेटअप एक- दूसरे से काफी मिलता-जुलता लग रहा है।
सामने आई इस तस्वीर में कंगना अपने भाई अक्षित रणौत के रिसेप्शन लुक में दिख रही हैं। लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि कंगना का यह लुक हाल ही में दुल्हन बनीं आलिया भट्ट के वेडिंग लुक से बिल्कुल मेल खा रहा था। ऐसे में अब कई सोशल मीडिया यूजर कंगना रणौत को फैशन आइकन बता रहे हैं, तो वहीं कुछ तो यह भी कह रहे हैं कि आलिया ने कंगना को कॉपी किया है। दोनों अभिनेत्रियों की साड़ी एक जैसी होने के साथ ही इसका डिजाइनर भी एक ही है।