रणबीर कपूर और आलिया भट्ट बीते गुरुवार को शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने रणबीर के वास्तु अपार्टमेंट की बालकनी में सात फेरे लिए। दोनों ने बेहद ही साधारण तरीके से केवल परिवार और करीबी दोस्तों की उपस्थिति में ही शादी की। बता दें कि विक्की और कैटरीना की तरह रणबीर और आलिया ने भी अपनी शादी में मेहमानों से एक फॉर्म भरवाया था, जिसके चलते शादी से पहले कोई भी तस्वीर सामने नहीं आई। शाम को शादी के बाद जब आलिया ने अपने इंस्टा अकाउंट पर तस्वीरें अपलोड की तो बधाई देने वालों का तांता लग गया। दोनों के परिवार के लोगों ने आलिया और रणबीर का अपने परिवार में स्वागत किया।
विज्ञापन
बधाई देने वालों में आलिया और रणबीर के बॉडीगार्ड सुनील तालेकर और यूसुफ इब्राहिम भी शामिल हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पर अभिनेताओं के लिए खूबसूरत नोट लिखा। कपल के साथ एक तस्वीर शेयर करते आलिया के बॉडीगार्ड सुनील ने लिखा, 'आपके नन्हे हाथों को पकड़ने से लेकर आपको दुल्हन के रूप में देखने तक...मेरा दिल आज खुशी से भर गया है।' आलिया ने भी सुनील के पोस्ट को लाइक करते हुए रिएक्ट किया।
इस तस्वीर पर आलिया के फैंस के भी खूब कमेंट्स आ रहे हैं। एक शख्स ने लिखा- अब तक का सबसे प्यारा कैप्शन, वहीं दूसरे ने लिखा- हां मैं महसूस कर सकता हूं। एक अन्य शख्स ने कहा- अब तक की सबसे खूबसूरत दुल्हन। एक यूजर ने रणबीर और सुनील को आलिया का बॉडीगार्ड बताया। बता दें कि रणबीर के बॉडीगार्ड ने भी दोनों की एक तस्वीर शेयर की और लिखा- मुबारक हो मिस्टर एंड मिसेज कपूर @आलिया भट्ट #रणबीर कपूर।
विज्ञापन
रणबीर और आलिया इंडस्ट्री के मशहूर कपल्स में से एक हैं। दोनों ने 14 अप्रैल को एक निजी समारोह में शादी रचाई। पहले आई खबरों के मुताबिक रणबीर और आलिया शादी के बाद दो ग्रैंड रिसेप्शन देने वाले थे। हाल ही में रणबीर की मां नीतू कपूर ने कन्फर्म किया कि कोई रिसेप्शन नहीं होगा।