नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की खास बात सिर्फ इसकी कमाई नहीं है, बल्कि इसके नाम दर्ज हुए कई बड़े रिकॉर्ड भी हैं। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, आइए जानते हैं 'रामायण' ने 14 दिनों में कौन-कौन से 12 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।
इससे पहले जानिए रामायण ने भारत में हर दिन कितनी कमाई की।
1. सबसे तेजी से 1500 करोड़ कमाने वाली भारतीय फिल्म बनी
'रामायण' ने दुनियाभर में 1,500 करोड़ रुपये का आंकड़ा महज 14 दिनों में पार कर लिया है। इसके साथ ही यह इतनी तेजी से इस क्लब में शामिल होने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इससे पहले 'धुरंधर 2' ने यह आंकड़ा 16 दिनों में, 'पुष्पा 2' ने 17 दिनों में और 'बाहुबली 2' ने 20 दिनों में पार किया था। वहीं, आमिर खान की 'दंगल' को इस मुकाम तक पहुंचने में 30 दिन लगे थे।
2. भारत में ही 1000 करोड़ कमाने वाली छठी फिल्म बनी
किसी फिल्म का दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये कमाना बड़ी बात है। लेकिन 'रामायण' ने यह आंकड़ा सिर्फ भारतीय सिनेमाघरों से होने वाली कमाई में ही पार कर लिया है। इसके साथ ही यह भारत में 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन करने वाली छठी भारतीय फिल्म बन गई है। इस लिस्ट में इससे पहले 'बाहुबली 2', 'केजीएफ चैप्टर 2', 'पुष्पा 2', 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' शामिल हैं।
रामायण और धुरंधर 2
- फोटो : सोशल मीडिया
3. दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 भारतीय फिल्मों में शामिल
दुनियाभर में 1,519.05 करोड़ रुपये की कमाई के साथ 'रामायण' अब भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 5 फिल्मों में शामिल हो गई है। वहीं, 1,500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली यह तीसरी हिंदी फिल्म भी बन गई है। इससे पहले 'दंगल' और 'धुरंधर 2' यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं।
अब फिल्म के सामने अगला बड़ा लक्ष्य अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' का रिकॉर्ड है, जिसने दुनियाभर में करीब 1,742 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
4. रणबीर, साई पल्लवी और नितेश तिवारी के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग
'रामायण' ने अपने कलाकारों और निर्देशक के करियर में भी नए रिकॉर्ड बनाए हैं। फिल्म ने रणबीर कपूर को उनके करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग दी है। फिल्म ने पहले दिन 64.85 करोड़ रुपये की नेट कमाई की, जबकि इससे पहले उनकी फिल्म 'एनिमल' ने पहले दिन 63.80 करोड़ रुपये कमाए थे।
वहीं, साई पल्लवी ने भी अपनी पिछली फिल्म 'अमरन' का ओपनिंग रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। निर्देशक नितेश तिवारी के लिए भी यह उनकी सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है। इससे पहले उनकी फिल्म 'दंगल' ने पहले दिन 29.78 करोड़ रुपये कमाए थे।
रामायण
- फोटो : सोशल मीडिया
5. दूसरे वीकेंड में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी
'रामायण' की कमाई दूसरे हफ्ते में भी शानदार रही। फिल्म ने दूसरे वीकेंड में सभी भाषाओं को मिलाकर 196 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही यह किसी भी भारतीय फिल्म का अब तक का सबसे बड़ा दूसरे वीकेंड का कलेक्शन बन गया है।
इससे पहले यह रिकॉर्ड 'धुरंधर 2' के नाम था, जिसने दूसरे वीकेंड में 172.70 करोड़ रुपये कमाए थे।
6. दूसरे हफ्ते के छह दिनों में ही तीन बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़े
'रामायण' ने दूसरे हफ्ते के शुरुआती 6 दिनों में ही 279.80 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली थी। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म ने दूसरे हफ्ते के पूरे 7 दिनों की कमाई के मामले में 'पुष्पा 2', 'बाहुबली 2' और 'धुरंधर 2' को भी पीछे छोड़ दिया।
'पुष्पा 2' ने दूसरे हफ्ते में 264.80 करोड़ रुपये, 'बाहुबली 2' ने 264 करोड़ रुपये और 'धुरंधर 2' ने 263.65 करोड़ रुपये कमाए थे।
रामायण
- फोटो : साभार@imdb
7. दक्षिण भारत के चारों बाजारों में 50 करोड़ कमाने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म
'रामायण' ने दक्षिण भारत में भी शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म ने कर्नाटक, आंध्र प्रदेश-तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल में अलग-अलग 50 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन किया है।
इसके साथ ही यह चारों बड़े दक्षिण भारतीय बाजारों में 50 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई है। फिल्म ने रिलीज के 14वें दिन तमिलनाडु में भी यह आंकड़ा पार कर लिया।
8. नॉर्थ अमेरिका में 25 मिलियन डॉलर कमाने वाली दूसरी बॉलीवुड फिल्म
विदेशों में भी 'रामायण' का जलवा देखने को मिल रहा है। फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका में 25 मिलियन डॉलर यानी करीब 25 लाख डॉलर से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। इस आंकड़े तक पहुंचने वाली यह दूसरी बॉलीवुड फिल्म बन गई है। इससे पहले 'धुरंधर 2' ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
इसके साथ ही फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका में 'बाहुबली 2' को पीछे छोड़ दिया है। अब इस बाजार में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की लिस्ट में यह दूसरे नंबर पर है। पहले नंबर पर 28.64 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ 'धुरंधर 2' है।
रामायण
- फोटो : साभार@imdb
9. दुनियाभर में IMAX पर सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली भारतीय फिल्म
'रामायण' ने IMAX स्क्रीन पर भी शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म ने दुनियाभर के IMAX सिनेमाघरों में अपने ओपनिंग वीकेंड पर करीब 6 मिलियन डॉलर की कमाई की।
इसके साथ ही यह दुनियाभर में IMAX पर सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है।
10. भारत में भी IMAX पर बनाया नया रिकॉर्ड
विदेशों के साथ-साथ भारत में भी फिल्म को IMAX स्क्रीन पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। देश में फिल्म ने अपनी ओपनिंग के दौरान IMAX स्क्रीन से करीब 2 मिलियन डॉलर की कमाई की।
इसके साथ ही यह भारत में किसी भारतीय फिल्म की अब तक की सबसे बड़ी IMAX ओपनिंग बन गई है।
रामायण
- फोटो : साभार@imdb
11. बुकमायशो पर एक दिन में बिके 16.60 लाख टिकट
फिल्म को देखने के लिए दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बुकमायशो पर 'रामायण' के एक ही दिन में करीब 16.60 लाख टिकट बिके। यह किसी बॉलीवुड फिल्म के लिए इस प्लेटफॉर्म पर एक दिन में टिकट बिक्री का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
इसके अलावा 9 नवंबर को फिल्म ने पहले सोमवार के टिकटों की बिक्री के मामले में भी नया रिकॉर्ड बनाया।
12. एक दिन में 100 करोड़ नेट कमाने वाली दूसरी बॉलीवुड फिल्म
'रामायण' ने अपनी रिलीज के पांचवें दिन भी इतिहास रच दिया। फिल्म ने भारत में एक ही दिन में 107.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही यह एक दिन में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की नेट कमाई करने वाली दूसरी हिंदी फिल्म बन गई।
इससे पहले यह रिकॉर्ड 'धुरंधर 2' ने बनाया था। खास बात यह है कि 'रामायण' के हिंदी वर्जन ने अकेले ही पांचवें दिन 87.25 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी।
रामायण
- फोटो : साभार@imdb
अब इस रिकॉर्ड पर नजर
दुनियाभर में 1,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने के बाद अब 'रामायण' की नजर 'पुष्पा 2' के 1,742 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड कलेक्शन पर है। अगर रणबीर कपूर की यह फिल्म इस आंकड़े को पार कर लेती है, तो यह भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी।
फिलहाल इस लिस्ट में 'दंगल', 'धुरंधर 2' और 'बाहुबली 2' जैसी फिल्में इससे आगे हैं। 'रामायण' ने रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में ही जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए आने वाले दिनों में फिल्म के खाते में कुछ और बड़े रिकॉर्ड जुड़ सकते हैं।
ये भी पढ़ें- रामायण: साई पल्लवी को 'सीता' के रूप में देख क्या बोले उनके दादा? एक्ट्रेस ने बताई वायरल वीडियो की सच्चाई