निर्देशक राम गोपाल वर्मा वेब सीरिज में हाथ आजमाने के बाद अब वापस फिल्म निर्देशन की तैयारी में जुट गए हैं। वो जल्द ही दिवंगत प्रसिद्ध तेलुगू एक्टर और आंध्र प्रदेश के सीएम रह चुके नंदामुरी तारक रमा राव यानी NTR पर फिल्म बानने जा रहे हैं।
एक न्यूज एजेंसी को राम गोपाल वर्मा ने ये खबर कंफर्म की है। वर्मा ने कहा, 'NTR तेलुगू फिल्मों का एक जाना माना चेहरा थे। वो सिर्फ एक बेहतरीन एक्टर ही नहीं बल्कि एक अच्छे लीडर भी थे। मुझे खुशी है कि मैं उन पर फिल्म बना रहा हूं।' NTR से अपने लगाव पर बोलते हुए रामू ने कहा उन्होंने उनकी फिल्म 'आडवी रमाडू' को 23 बार देखा है। 'मेरे पास तब बस के पैसे नहीं हुआ करते थे। तब मैं रोजाना 23 किलोमीटर पैदल चल कर उनकी फिल्म देखने जाता था। मैं उनकी पहली पॉलिटिकल मीटिंग में भी गया था।'
राम गोपाल वर्मा का कहना है कि ये फिल्म NTR के करियर के साथ-साथ उनके दुश्मनों पर भी रोशनी डालेगी। वर्मा इससे पहले भी बायोपिक बना चुके हैं। इससे पहले ये भी खबर आई थी कि वो तमिलनाडु की सीएम रहीं जयललिता की सहयोगी शशिकला पर फिल्म बनाना चाहते हैं।