बॉलीवुड अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह इन दिनों अपनी फिल्म मरजावां को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा, रितेश देशमुख और तारी सुतारिया जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म को दर्शकों को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। इस बीच इन दिनों रकुलप्रीत सिंह को लेकर ऐसी अफवाहें सुनने को मिली कि उन्होंने अपना हैदराबाद वाला घर बेच दिया है। जिस पर अब रकुलप्रीत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
रकुलप्रीत सिंह ने अपने घर के बेचे जाने की अफवाह फैलाने वालों पर सोशल मीडिया के जरिए गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा- 'मुझे आश्चर्य है कि इतने कथित तौर पर पत्रकारों को खबर कहां से मिलती है और उनके पूरे अनजान स्रोत कौन हैं। जब मैंने हैदराबाद में अपना घर खरीदा था तो बताया गया कि वह मुझे तोहफे में मिला है और अब मुझे सुनने को मिल रहा है कि मैंने इस घर को बैंगलुरू में घर खरीदने के लिए बेच दिया है। मैं सिर्फ इतना कहूंगी कि यह अफवाहें फैलाना बंद करें और कोई सच्ची खबर लेकर आएं।'
गौरतलब है कि बीते दिनों ऐसी खबरें सुनने को मिली थीं कि रकुलप्रीत सिंह ने बेंगलुरू में घर खरीदने के लिए अपना हैदराबाद का घर बेच दिया है। वहीं बात करे फिल्म 'मरजावां' की तो सिद्धार्थ मल्होत्रा और रितेश देशमुख की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'मरजावां' को लेकर दर्शकों का क्रेज देखने को मिल रहा है। इस फिल्म का निर्देशन मिलाप झावेरी ने किया है। फिल्म 'मरजावां' के दो हफ्तों की कमाई की बात करें तो सिद्वार्थ मल्होत्रा और तारा सुतारिया की इस फिल्म ने 46.44 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।