दर्शकों को लंबे समय से अक्षय कुमार और रजनीकांत की फिल्म 2.0 का इंतजार है। जल्द ही फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया जाएगा। इससे पहले गणेश चतुर्थी के मौके पर फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था। फिल्म से जुड़ी कई बातें तो आए दिन सामने आती रहती हैं लेकिन आज अक्षय कुमार ने फिल्म का एक पोस्टर शेयर किया है। जिसमें अक्षय कौए के लुक में दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर को शेयर करते हुए अक्षय ने लिखा- मानव सावधान हो जाएं।
एस शंकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म लगभग 600 करोड़ के भारी भरकम बजट पर तैयार की गई है। फिल्म 29 नवंबर को रिलीज हो रही है। बताया जा रहा है कि फिल्म में ऐसे कई सीन्स देखने को मिलेंगे जो ऑडिएंस के होश उड़ा देंगे। इस फिल्म का टीजर रिलीज के बाद इस फिल्म को जबरदस्त क्रेज देखने को मिला।
अक्षय इस फिल्म में एक नकारात्मक सुपरहीरो की भूमिका में होंगे। यह फिल्म 2010 में आई फिल्म 'एंथिरन' (रोबोट) की सीक्वल है, जिसमें ऐश्वर्या राय बच्चन भी थीं। ऐश्वर्या की जगह फिल्म '2.0' में एमी जैक्सन नजर आएंगी। 'एंथिरन' को हिंदी में 'रोबॉट' के नाम से रिलीज किया गया था। 2.0 को भारत की सबसे महंगी मूवी कहा जा रहा है। फिल्म में भले ही लीड रोल सुपरस्टार रजनीकांत कर रहे हों, लेकिन विलेन का किरदार निभा रहे बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार का किरदार भी पसंद किया जा रहा है।