साउथ सुपरस्टार प्रभास और खूबसूरत अभिनेत्री पूजा हेगड़े इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘राधे श्याम’ की वजह से लाइमलाइट में बने हुए हैं। ये फिल्म 14 जनवरी को दुनिया भर में रिलीज होगी। ऐसे में फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कल यानी 29 नवंबर को इस फिल्म का दूसरा गाना ‘लव एंथेम’ का टीजर रिलीज होने वाला है, जिस वजह से फैंस काफी ज्यादा खुश हैं। लेकिन इससे पहले इस गाने का पोस्टर सोशल मीडिया पर सामने आ गया है, जिसमें प्रभास और पूजा हेगड़े की केमिस्ट्री ने लोगों का दिल जीत लिया है। इस पोस्टर में दोनों एक-दूसरे की आंखों में खोए हुए हैं।
दरअसल, यूवी क्रिएशंस ने ट्विटर पर ‘राधे श्याम’ के दूसरे रोमांटिक ट्रैक की जानकारी देते हुए नया पोस्टर शेयर किया है, जिसे चार फोटो की मदद से बनाया गया है। इस फोटो में देखा जा सकता है कि प्रभास और पूजा एक-दूसरे की आंखों में खोए हुए हैं। इस दौरान दोनों व्हाइट कलर के पर्दे में लिपटे हुए हैं और दोनों का यही रोमांटिक अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है। इस ट्वीट के साथ जानकारी दी गई है कि फिल्म का लव एंथन का टीजर कल यानी 29 नवंबर को रिलीज होगा। ये टीजर हिंदी वर्जन में 1 बजे आएगा और तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम वर्जन शाम 7 बजे आउट किया जाएगा।
इस पोस्टर को फिल्म के लीड एक्टर प्रभास ने भी अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। इस पोस्टर के साथ प्रभास ने अपने फैंस को कहा, ‘क्या आप मेरे अगले गाने #LoveAnthem के साथ प्यार का जादू देखने के लिए तैयार हैं? कल टीजर आउट।’
बता दें कि ‘राधे श्याम’ का पहला गाना ‘ई राठले’ को दर्शकों का खूब प्यार दिया है और अब अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस फिल्म का दूसरा ट्रैक भी फैंस के बीच छा जाएगा। प्रभास और पूजा हेगड़े की ये फिल्म राधाकृष्ण कुमार के डायेक्शन में बन रही है। इस फिल्म में सचिन खेडेकर, कृष्णम राजू, प्रियदर्शी, भाग्यश्री, मुरली शर्मा, कुणाल रॉय कपूर और सत्यन सहित जैसे कई सितारे नजर आने वाले हैं।