हिंदी सिनेमा की कालजयी फिल्मों में शुमार ‘अर्धसत्य’, ‘हिप हिप हुर्रे’, ‘होली’ और ‘चक्र’ जैसी फिल्मों के निर्माता प्रदीप उप्पूर का सिंगापुर में निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक वह वहां अपना इलाज कराने गए थे। प्रदीप ने छोटे परदे पर सबसे लंबे चलने वाले धारावाहिकों में से एक ‘सीआईडी’ का भी निर्माण किया। उनकी आखिरी फिल्म ‘नेल पॉलिश’ रही जो दो साल पहले ओटीटी जी5 पर रिलीज हुई थी।
सतीश कौशिक को दिया था ब्रेक
बता दें कि सतीश कौशिक और प्रदीप उप्पूर का भी पुराना नाता है, क्योंकि चक्र सतीश कौशिक की पहली फिल्म थी, जिसमें उन्होंने अभिनय किया था। इस फिल्म में उन्होंने छोटी सी भूमिका निभाई थी। इस फिल्म के निर्माता भी प्रदीप उप्पूर थे। ऐसे में कहा जा सकता है कि प्रदीप उप्पूर ने सतीश कौशिक को भी ब्रेक दिया था।