अशोक पंडित ने कहा, 'ये बहुत ही दुखद और चौंकाने वाला है, जिस तरह से एक अभिनेत्री ने सर्वाइकल कैंसर के चलते अपनी मौत की खबर का एलान किया। उन्होंने लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है'।
अभिनेत्री पूनम पांडे की मौत की खबर का सच सामने आ चुका है। शुक्रवार को पूनम के इंस्टाग्राम हैंडल से सर्वाइकल कैंसर से उनके निधन की बात कही गई। आज शनिवार को पूनम पांडे ने एक वीडियो साझा कर स्पष्ट किया कि वे जिंदा हैं और सही-सलामत हैं। इसके बाद हर कोई अभिनेत्री के इस स्टंट की आलोचना कर रहा है। इंडियन फिल्म एंड टीवी डायरेक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया दी है और पूनम पांडे व उनकी पीआर एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
'भावनाओं का खिलवाड़ किया है'
अशोक पंडित ने कहा, 'ये बहुत ही दुखद और चौंकाने वाला है, जिस तरह से एक अभिनेत्री ने सर्वाइकल कैंसर के चलते अपनी मौत की खबर का एलान किया। उन्होंने लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने उन सभी का मजाक बनाया है, जो सर्वाइकल जूझ रहे हैं। ये बहुत गंभीर बीमारी है। उन्होंने इस गंभीर बीमारी के खिलाफ एकजुट होकर काम कर रहे भारत सरकार, डॉक्टर और नर्स के कठिन परिश्रम और काम का मजाक बनाया है'।
Shamita Shetty: शमिता शेट्टी ने वृद्धाश्रम में मनाया जन्मदिन, बुजुर्गों के साथ प्यार का पल बिताते हुए काटा केक
विज्ञापन
बोले- केस फाइल होना चाहिए
अशोक पंडित ने आगे कहा, 'मैं पूरी ईमानदारी से यह मांग करता हूं कि अभिनेत्री के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए। देश के लोगों से झूठ बोलने के लिए उनके खिलाफ केस फाइल होना चाहिए। इंडस्ट्री के लोगों से झूठ बोलने के लिए एक्शन होना चाहिए, जो कल उनके निधन की खबर जानकर बेहद दुखी हुए'।
Parineeti Chopra: परिणीति चोपड़ा को नहीं पता था कौन हैं राघव चड्ढा? इंटरनेट के जरिए जुटाई थी जानकारी
'पीआर एजेंसी को मिले सजा'
अशोक पंडित ने आगे कहा, 'अभिनेत्री ने बिना किसी वजह लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। इस हरकत से उनका मकसद सिर्फ पीआर था। जो भी पीआर एजेंसी इसका हिस्सा बनीं और जिन्होंने ऐसी हरकत को बढ़ावा दिया, उनके खिलाफ भी एक्शन होना चाहिए। उन्हें सजा मिलनी चाहिए'।
क्या बोली ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन?
पूनम पांडे के फर्जी पीआर स्टंट पर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी प्रतिक्रिया दी है। एसोसिएशन ने कहा है, 'मॉडल और एक्ट्रेस पूनम पांडे का फेक पीआर स्टंट बेहद गलत है। स्वयं के प्रचार के लिए सर्वाइकल कैंसर का उपयोग करना स्वीकार्य नहीं है। इस खबर के बाद भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में किसी भी मौत की खबर पर लोग यकीन करने से कतरा सकते हैं। फिल्म इंडस्ट्री में कोई भी पीआर के लिए इस स्तर तक नहीं गिरता'। एसोसिएशन ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा है, 'पूनम पांडे के मैनेजर ने झूठी खबर की पुष्टि की थी, इसलिए निजी लाभ (पीआर) के लिए उनकी मौत की खबर का फायदा उठाने से रोकने के लिए पूनम पांडे और उनके मैनेजर के खिलाफ एफआईआर होनी चाहिए। इस अफवाह के बाद पूरे देश समेत पूरी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री ने श्रद्धांजलि दी'।