राजकुमार हीरानी की फिल्म 'पीके' में आमिर खान भोजपुरी बोलते नजर आयेंगे। यह बातें फिल्म 'पीके' में आमिर को भोजपुरी सिखाने वाले टीवी लेखक शांति भूषण ने बताई हैं। उन्होंने ही फिल्म के लिए आमिर को इस भाषा की बारीकियां समझाई है।
भोजपुरी सिखाने के अलावा उन्होंने आमिर को दो महीने उनके घर पर उच्चारण की ट्रेनिंग भी दी।
शांति भूषण कहते हैं, "एक दिन अचानक मेरे पास राजकुमार हिरानी का फ़ोन आया और मुझसे पूछा कि क्या आप आमिर को भोजपुरी सिखाएंगे? बस वो दिन है और आज का दिन है मैं उन दिनों को नहीं भूलता।"
आमिर खान के बारे में उनसे जब पूछा गया तो उन्होंने कहा, "आमिर खान बहुत ही सामान्य शख़्स हैं और मुझे लगा ही नहीं कि मैं एक स्टार के साथ हूं। कभी-कभी तो वो इतनी ज़्यादा मेहनत करते थे कि मैं परेशान हो जाता था।"
आज वो सिर्फ फिल्मों में नौकर, माली, सब्जी वाला की भाषा बनकर रह गई। पर पीके में आमिर भोजपुरी बोलते नजर आयेंगे।
आमिर का था भोजपुरी का आइडिया
आमिर को विचार आया था कि किरदार को भोजपुरी भाषा दी जाए, जिससे ये मजेदार बने और लोग इसे आसानी से समझ भी सकें।
शांति भूषण बताते हैं कि इस ट्रेनिंग के दौरान आमिर खान का कहना था कि कितना अच्छा होता अगर फिल्मों में काम करने से पहले कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक बार घूम लेते।
शांति भूषण अपनी बात खत्म करते हुए कहते हैं, "देर आए लेकिन दुरुस्त आए, और अबकी बार ऐसे आए की सब टुकुर-टुकुर देखते रह जाएँगे फिल्म पीके में।"