लाखों दिलों की धड़कन बन चुकी बॉलीवुड की यंग अदाकारा परिणीति चोपड़ा का चोरी-चोरी, चुपके-चुपके रिश्ता भी तय हो गया और किसी को पता भी नहीं चल सका। लेकिन ये परिस्थितियां जरा अलग भी थीं।
गुलाबी ठंड शुरू होने के साथ ही लखनऊ शहर में फिर से ‘लाइट, कैमरा, एक्शन’ की गूंज सुनाई देने लगी है। सोमवार सुबह नरही के हैदर हाउस में शुरू हुई एक्शन..., कट.., कट... की आवाजें देर शाम तक गूंजती रही।
आशिकी-टू फेम आदित्य राय कपूर और परिणीति चोपड़ा दिन भर कोठी की बालकनी और कमरों में शॉट-दर-शाट देते रहे। दर्जन भर से अधिक रीटेक के बाद शुरुआती सीन ओके हुआ। अगले चार और दिनों तक नरही समेत कुछेक लोकेशन पर यशराज बैनर की फिल्म ‘दावत-ए-इश्क’ की शूटिंग होनी है।
प्रोडक्शन से जुड़े सूत्रों की मानें तो पहले दिन दोनों की मुलाकात के शुरुआती सीन और दो कामेडी सीन फिल्माये गए। मंगलवार और बुधवार को यहां दोनों के मां-बाप परिणीति और आदित्य की शादी की बात और दहेज की रकम के लेन-देन की शूटिंग होगी।
परिणीति के पापा का किरदार निभा रहे अनुपम खेर के भी मंगलवार से जुड़ने की बात कही जा रही है, जिसमें दोनों पक्षों में हंसी मजाक के बीच लाखों के लेन-देन पर तय तोड़ होने हैं।
यशराज बैनर की इस फिल्म का निर्देशन हबीब फैसल कर रहे हैं जबकि निर्माता आदित्य चोपड़ा हैं। एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने इस फिल्म से राजधानी में फिल्म शूटिंग की हैट्रिक पूरी की है।
ये उनकी यशराज बैनर के साथ लगातार तीसरी फिल्म है। इससे पहले वे यहां बैनर के साथ लेडीज वर्सेज रिकी बहल, इश्कजादे की शूटिंग कर चुकी है जबकि आदित्य राय कपूर की शहर में ये पहली फिल्म है। दोनों ही कलाकार रविवार देर शाम शहर पहुंचे।