स्वर्गीय फिल्मकार राज कंवर के आखिरी प्रोजेक्ट ‘लकी कबूतर’ का लोगों को इंतजार है। लेकिन फिल्म को अंतिम
रूप देने वाली राज कंवर की पत्नी अनीता और उनके बेटे करन राज कंवर इन दिनों अलग ही मुश्किल में फंसे हैं।
फिल्म 6 दिसंबर को रिलीज होनी और ‘लकी कबूतर’ की हीरोइन कुलराज रंधावा उन्हें प्रमोशन के लिए वक्त ही नहीं दे रही हैं। ऐसे में मां-बेटे परेशान हैं कि क्या करें?
उन्होंने कुलराज की शिकायत इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन प्रोड्यूसर्स काउंसिल (आईएफटीपीसी) से भी की है। उल्लेखनीय है कि कुलराज न तो फिल्म के फर्स्ट लुक के रिलीज के मौके पर पहुंची थीं और न ही इसके म्यूजिक रिलीज पर।
असल में कुलराज पंजाब में अपनी अगली फिल्म की शूटिंग कर रही हैं। उनका इस मामले पर कुछ और ही कहना है। कुलराज के अनुरास वह निर्माताओं को दो बार कार्यक्रमों के लिए तारीखें दे चुकी थीं, पंरतु आखिरी मौके पर उन्होंने कार्यक्रम बदल दिया।
इस कारण कुलराज को अपने कुछ ऐसे प्रोजेक्ट्स खोने पड़े, जिनसे उन्हें अच्छी कमाई हो सकती थी। आईएफटीपीसी से शिकायत के बारे में उनका कहना है कि मैंने जवाब भेज दिया है।
कुलराज रंधावा के अनुसार उन्होंने ‘लकी कबूतर’ की शूटिंग के समय निर्माता-निर्देशक को पूरा सहयोग दिया। प्रमोशन के लिए डेट्स भी दीं। परंतु वे बार-बार अपने कार्यक्रम बदलते रहे तो वह क्या कर सकती हैं? इस विवाद का क्या हल निकलता है यह देखना रोचक होगा।