नमस्ते इंग्लैंड के बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से औंधे मुंह गिरने से इसके निर्माता विपुल शाह को तो घाटा नहीं हुआ है लेकिन खरीदार मुश्किल में फंस गए हैं। गुरुवार को रिलीज हुई अर्जुन कपूर-परिणीति चोपड़ा स्टारर यह फिल्म इस साल की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में शुमार है। इसे गुरुवार को मात्र डेढ़ करोड़ की ओपनिंग मिली और दूसरे दिन दो करोड़ आए। परंतु शनिवार को फिर कलेक्शन नीचे आ गया जो लगातार गिर रहा है।
सोमवार तक फिल्म मात्र साढ़े छह करोड़ रुपये कमा सकी। जबकि इसकी कुल निर्माण और प्रचार लागत 60 करोड़ रुपये है। ट्रेड के जानकारों के अनुसार फिल्म ने सैटेलाइट, डिजिटल, संगीत और विदेश वितरण अधिकारों से 53 करोड़ रुपये बना लिए थे। ऐसे में भारत में होने वाला कम कलेक्शन भी विपुल शाह को घाटा नहीं होने देगा मगर समस्या यह है जिन लोगों ने फिल्म के थियेटर, डिजिटल तथा अन्य अधिकार खरीदे वे घाटे में रहेंगे क्योंकि फिल्म को दर्शकों ने पूरी तरह से नकार दिया है।
ऐसे में टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी इसे लोग नहीं देखेंगे, जिससे विज्ञापनों से होने वाली आय नहीं होगी। खरीदादों ने यह ध्यान में रख कर नमस्ते इंग्लैंड के महंगे दाम में अधिकार खरीदे कि यह एक दशक पहले आई अक्षय कुमार-कैटरीना कैफ स्टारर नमस्ते लंदन का सीक्वल है। वह फिल्म टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काफी देखी गई। परंतु नमस्ते इंग्लैंड उस फिल्म का सीक्वल नहीं है।