आलिया भट्ट ने खुद को अनुराग कश्यप और उनके साथियों के फैंटम फिल्म्स द्वारा बनाई जाने वाली फिल्म से खुद को अलग कर लिया है। फिल्म के निर्देशन की बागडोर अश्विनी अय्यर तिवारी को सौंपी गई थी। इसका नाम अभी तय नहीं था। फिल्म की शूटिंग 2019 में होनी थी। सूत्रों के अनुसार आलिया ने मीटू विवाद में इस प्रोडक्शन हाउस का नाम आने के बाद खुद को इस फिल्म से अलग किया। पिछले दिनों फैंटम को खत्म कर दिया गया परंतु इसके द्वारा प्रस्तावित फिल्में पूरी होनी हैं।
फैंटम फिल्म्स के अनुराग और विक्रमादित्य मोटवानी पर उनके साथी विकास बहल ने अदालत में 10 करोड़ का मानहानि मुकदमा कर रखा है। आलिया के करीबियों के अनुसार वह ऐसी टीम के साथ काम नहीं करना चाहतीं तो आपसी विवाद में उलझी हो और मीटू में जिसके लोगों का नाम आया हो।
निल बटे सन्नाटा और बरेली की बर्फी जैसी फिल्में बनाने वाली अश्विनी ने अपनी कॉमेडी फिल्म के लिए आलिया से बात की थी और उन्होंने मंजूर दे दी थी। वह एक गायिका की सफलता की कहानी आलिया को लेकर बनाना चाहती थीं। अब देखना है कि तिवारी आलिया की जगह किसे लेंगी। इससे पहले वह कंगना रनौत के साथ कबड्डी पर आधारित फिल्म पंगा बना रही हैं। इसकी शूटिंग दिसंबर में शुरू होगी।