अक्षय कुमार की अपकमिंग फिल्म 'ओएमजी 2' रिलीज से पहले ही चर्चाओं में है। फिल्म पर सेंसर बोर्ड की कैंची चलने से लेकर इसकी रिलीज डेट में बदलाव की खबरों तक ने खूब सुर्खियां बटोरी हैं। हालांकि, अब इस मोस्ट अवेटेड मूवी का ट्रेलर जारी कर दिया गया है, जो आते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। 'ओएमजी 2' के ट्रेलर में कांति शरण मुद्गल पर आधारित एक मनोरंजक कहानी दिखाई गई है, जिसे प्रतिभाशाली पंकज त्रिपाठी ने निभाया है। कांति एक विश्वास से प्रेरित पारिवारिक व्यक्ति हैं, जो अपने प्यारे बेटे की रक्षा के लिए न्याय की तलाश में कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हैं। वहीं, अक्षय कुमार भगवान शिव के दूत बनकर कांति की मदद करने आते हैं। ट्रेलर के जारी होते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है, जो कुछ इस प्रकार है-
'ओएमजी 2' का धमाकेदार ट्रेलर जारी
'ओएमजी 2' के ट्रेलर में अक्षय कुमार की उपस्थिति भी देखते ही बन रही है। एक्टर, भगवान शिव के दूत और कांति शरण मुद्गल के गुरु की भूमिका में नजर आ रहे हैं। वहीं, यामी गौतम वकील के किरदार में काफी जंच रही हैं। ट्रेलर जारी होते ही इंटरनेट जगत में छा गया है। यूजर्स, पंकज की बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग की प्रशंसा कर रहे हैं, और इसे देख उम्मीद की जा रही है कि फिल्म कॉमेडी के साथ दर्शकों को बड़ा मैसेज देने में सफल होगी।