बॉलीवुड में इन दिनों जिन प्रेम कहानियों पर लोगों की नजर है उनमें यशराज फिल्म्स के युवराज उदय चोपड़ा और उनकी अमेरिकी गर्लफ्रेंड नर्गिस फाखरी प्रमुख हैं।
विज्ञापन
लेकिन ऐसा लगता है कि इस प्रेमी जोड़े को लोगों की नजर लग रही है और उनके बीच अब सबकुछ ठीक नहीं रह गया है! पिछले कुछ सालों विदेश में लंबी छुट्टियां मानाने वाली इस जोड़ी के बीच कुछ ऐसी बातें होने लगी हैं जो संकेत दे रही हैं कि लंबे साथ के लिए दोनों को कुछ समझौते करने पड़ेंगे।
शादी करने की ख्वाहिश
सूत्र खबर लाए हैं कि उदय चोपड़ा अब शादी करके घर बसाने की इच्छा रखने लगे हैं, जबकि नर्गिस को लग रहा है कि उनका कैरियर रफ्तार पकड़ रहा है। ऐसे में फिलहाल घर बसाने का फैसला जल्दबाजी होगी।
यही नहीं इस बीच नर्गिस को यह भी लग रहा है कि उनके उदय के प्यार में होने की खबरें दर्शकों को उनसे दूर कर सकती हैं। इसलिए वह कभी अपनी इस ‘रिलेशनशिप’ पर कोई टिप्पणी नहीं करती हैं।
वैसे उदय भी मीडिया में नर्गिस के साथ संबंध को लेकर चुप रहते आए हैं, मगर कभी कभी सोशल नेटवर्किंग साइटों पर जरूर उन्होंने इस प्यार का संकेत दिया है। उल्लेखनीय है कि उदय पिछले दो-एक साल से ज्यादातर अमेरिका में रहते हैं और उनके पास कोई अपना नहीं होता है। ऐसे में उन्हें अकेलापन महसूस होता है।
दूरी नहीं होती बर्दाश्त
यही कारण है कि नर्गिस को अक्सर उनके साथ अमेरिका में ही पाया गया है। लेकिन पिछले साल ‘मद्रास कैफे’ में काम की प्रशंस होने के बाद नर्गिस ज्यादातर समय भारत में बिताना चाहती हैं क्योंकि उन्हें अब अच्छे रोल ऑफर होने लगे हैं।
नर्गिस से दूरी अब उदय को परेशान करने लगी है। सूत्र बताते हैं कि उदय ने नर्गिस से साफ कहा है कि वह अब उनके रिश्ते को शादी करके नया नाम देना चाहते हैं। लेकिन नर्गिस ने उन्हें स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल उनका विवाह बंधन में बंधने कोई इरादा नहीं है। उदय अब दुविधा में हैं कि क्या किया जाए?
आजाद ख्याल की हैं नर्गिस
नर्गिस के करीबियों के अनुसार वह आजाद खयाल लड़की हैं और लंबे समय से उनका उदय के साथ संबंध है। लेकिन उन्हें इसमें कोई परेशानी नहीं है। वह पारंपरिक भारतीय लड़कियों की तरह शादी के बारे में नहीं सोचती हैं। वह बॉलीवुड में बड़ी अभिनेत्री बनने का सपना लेकर मुंबई आई हैं और हर हल हाल में उसे पूरा करना चाहती हैं।
नर्गिस को लगता है कि अगर वह कैरियर के चढ़ते मोड़ पर शादी कर लेंगी तो खत्म हो जाएंगी। कोई उन्हें नहीं पूछेगा। इसके अलावा वह हॉलीवुड में भी फिल्में पाने का प्रयास कर रही हैं ताकि अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके। सूत्र बताते हैं कि नर्गिस इस बात से भी खफा हैं कि लोग कह रहे हैं, जो काम उन्हें बॉलीवुड में मिल रहा है वह चोपड़ा कनेक्शन की वजह से है।
नर्गिस को फर्क नहीं पड़ता
पिछले दिनों खबरें थीं कि हॉलीवुड में उदय चोपड़ा की कंपनी के प्रयासों से उन्हें फिल्म मिली है। जबकि नर्गिस खुद की कोशिशों से कामयाब हुई हैं। नर्गिस नहीं चाहतीं कि उनकी कामयाबी किसी और के खाते में जाए, फिर वह उनके प्रेमी उदय ही क्यों न हों।
उल्लेखनीय है कि जूनियर चोपड़ा ने पिछले साल एक फिल्म हॉलीवुड में प्रोड्यूस की है और अपनी फिल्म कंपनी शुरू की है।
वैसे खास बात यह है कि नर्गिस मीडिया से भी बहुत नाराज हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि उन्हें थोड़ी सी जो सफलता मिली है, उसके बाद लोग कुछ ज्यादा ही उनकी निजी जिंदगी में झांक रहे हैं।
यही कारण है कि उन्होंने मीडिया के लोगों पर निजी सवाल पूछने पर रोक लगा दी है। पिछले दिनों एक रिपोर्टर द्वारा उदय के बारे में सवाल करने पर वह भड़क गई थीं। वह इतनी बुरी तरह चिढ़ी कि कह बैठीं जब मैं लोगों से उनकी अंडरवीयर का कलर नहीं पूछती तो उम्मीद करती हूं कि लोग भी मुझसे मेरी पर्सनल लाइफ से जुड़े सवाल न पूछें।
मैं यहां बॉलीवुड में काम करने के लिए आई हूं और चाहती हूं कि मुझसे मेरे काम के बारे में ही पूछा जाए। लेकिन नर्गिस को शायद कहावत नहीं पता कि जितने मुंह उतनी बातें...!