यह बहस अक्सर होती है कि शाहरुख खान और आमिर खान में कौन बड़ा स्टार है? यूं तो दोनों के अपने-अपने चाहने वाले हैं और वे अपने हीरो को दूसरे पर भारी बता सकते हैं। लेकिन एक मामला ऐसा हैं जहां शाहरुख खान के आगे आमिर कहीं नहीं टिकते।
जी हां, इन दिनों फिल्म इंडस्ट्री में यह चर्चा खूब है। असल में मामला है दोनों ऐक्टरों की आने वाली फिल्मों का। एक तरफ तो आमिर की फिल्म के दो पोस्टर जारी हो चुके हैं। जिनमें से एक में आमिर के नग्न होने पर बवाल हुआ। जबकि शाहरुख की फिल्म ‘हैप्पी न्यू ईयर’ का पोस्टर और ट्रेलर रिलीज हुए और लोगों ने पसंद किया।
मसला हीरोइन के सम्मान का
मुद्दा यह है कि जितना सम्मान शाहरुख अपनी फिल्म की हीरोइन को देते हैं, उतना आमिर खान के द्वारा नजर नहीं आता। उल्लेखनीय है कि आमिर के जो दो पोस्टर जारी हुए हैं, उनमें वह अकेले ही हैं। जबकि शाहरुख हमेशा अपनी हीरोइनों को प्राथमिकता देते आए हैं।
चेन्नई एक्सप्रेस से उन्होंने हीरोइन का नाम हीरो से पहले देने की नई परंपरा शुरू की थी। वह कह चुके हैं कि ‘हैप्पी न्यू ईयर’ में भी ऐसा ही होगा। वहीं आमिर के यहां पर स्थिति उलट होती है। जब वह किसी फिल्म में होते हैं तो उसके बाकी कलाकारों और हीरोइनों को तवज्जो ही नहीं मिलती है।
आएंगे आमिर के 8 पोस्टर
कहा जा रहा है कि ‘पीके’ के आठ पोस्टर रिलीज होंगे, लेकिन अभी तक पब्लिसिटी में ढंग से यह बात तक नहीं आई है कि इस फिल्म की हीरोइन और अन्य कलाकार कौन हैं? ऐसा लग रहा है कि बस अकेले आमिर ही इस फिल्म में दिखाई देंगे।
आमिर के साथ काम करके उपेक्षित होने का कड़वा अनुभव रखने वाली एक हीरोइन ने सवाल उठाया है कि क्या आने वाले दिनों में आमिर की हीरोइन अनुष्का शर्मा का कोई पोस्टर रिलीज होगा या फिर यह हीरो ही उन्हें पीछे धकेल कर पोस्टर पर छाया रहेगा।
वैसे यह देखना रोचक होगा कि क्या सचमुच आमिर अपनी फिल्म के आठों पोस्टरों पर अकेले रहेंगे या शाहरुख से सबक लेते हुए अपनी हीरोइन को भी सम्मानजनक स्थान देंगे?