रामगोपाल वर्मा निर्देशित फिल्म 'सत्या' एक बड़ी हिट बनी थी। इस फिल्म ने रामू को भी एक नयी पहचान दी थी। लेकिन अब हालात बदल गए हैं। इस फिल्म की सीक्वल फिल्म 'सत्या 2' को डिस्ट्रीब्यूटर तक नहीं मिल रहे हैं।
अंडरवर्ल्ड पर बेस्ड फिल्म 'सत्या 2' पिछले कुछ समय से बनकर तैयार है। फिल्म तैयार होने के बाद भी रिलीज नहीं हो पा रही है। फिल्म का ट्रेलर काफी समय पहले ही जारी हो गया है।
फिल्म रिलीज न हो पाने की वजह अब इंडस्ट्री में आने लगी है। सुनने में आ रहा है कि इस फिल्म को वितरक नहीं मिल रहे हैं। यह फिल्म हिंदी के साथ तमिल और तेलुगू में भी रिलीज हो रही है।
सूत्रों के अनुसार फिल्म को वितरक न मिलने की दो वजहें हैं। पहली बड़ी वजह 'सत्या 2' में किसी भी बॉलीवुड स्टार का न होना है। तेलुगू एक्टर स्वरानंद इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
रामू की बाकी फिल्मों की तरह इस फिल्म की चर्चा भी बहुत कम हुई है। दूसरी वजह रामू की पिछली कई फिल्में न चल पाना भी है। राम गोपाल निर्देशित अंतिम फिल्म 'अटैक ऑन 26/11' भी हिट नहीं हो पायी थी।