सु्प्रीम कोर्ट द्वारा संजय दत्त को सुनायी गयी साढ़े तीन साल की सजा का असर उनके कॅरियर पर पड़ने लगा है। राजकुमार गुप्ता की फिल्म 'घनचक्कर' से संजय दत्त बाहर हो गए हैं। उन्होंने खुद ही इस फिल्म से हटने का फैसला लिया है।
विद्या बालन और इमरान हाशमी की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'घनचक्कर' से संजय दत्त बाहर हो गए हैं। क्योंकि फिल्म की शूटिंग के लिए अब उनके पास वक्त नहीं बचा था। कोर्ट में आत्मसमर्पण करने से पहले संजय दत्त को बाकी बची हुई फिल्मों की शूटिंग करनी है।
संजय द्त्त के पास अब सिर्फ चार हफ्तों का वक्त है। इन चार हफ्तों में सबसे पहले संजय दत्त ने 'पुलिसगीरी' फिल्म को पूरा करने के लिए वक्त दिया है। उसके बाद उन्होंने 'पीके' और 'जंजीर' फिल्मों की शूटिंग करने का फैसला किया है।
यदि वक्त बचेगा तो उसके बाद उन्हें 'शेर खान' की शूटिंग भी करनी है। इन फिल्मों में अपने रोल को देखते हुए संजय दत्त ने फैसला लिया है कि वह 'घनचक्कर' फिल्म नहीं करेंगे।