टीवी पर अब उन फिल्मों के दृश्य नहीं दिख सकेंगे जिनमें अश्लीलता का जरा भी अंश होगा।
सेंसर बोर्ड के निर्देश के बाद टीवी पर उन फिल्मी आयटम सॉन्ग को नहीं दिखाया जाएगा जो भद्दे या अश्लील हैं। साथ ही ऐसे दृश्य भी पूरी तरह से हटा दिए जाएंगे।
यह चर्चा पुरानी है कि टीवी पर दिखाई जाने वाली फिल्मों में किस तरह के कट होने चाहिए। आमतौर पर सेंसर बोर्ड जिन फिल्मों को ए सर्टिफिकेट्स के साथ रिलीज करता है उन फिल्मों को टीवी पर दिखाया जाता है।
टीवी पर दिखाने से पहले कुछ संवादों में वीप की आवाज दी जाती है और कुछ अश्लील दृश्य काट दिए जाते हैं। अब इस मामले में एक और कड़ी जुड़ी है।
अब टीवी पर फिल्मों में प्रयोग किए गए आयटम सॉन्ग भी नहीं दिखाए जाएंगे। इन्हें पूरी तरह से फिल्म से बाहर कर दिया जाएगा।
आमतौर पर फिल्मों में प्रयोग किए गए आयटम सॉन्ग की भाषा द्विअर्थी होने के साथ उसका फिल्मांकन कई बार अश्लीलता की हद को छूने वाला होता है। इन गानों में वीप की आवाज भी नहीं होती है।
अब यह गाने पूरी तरह से फिल्म से गायब कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही साथ वह संवाद जिनके कुछ हिस्सों में वीप की आवाज डालनी पड़ती थी उन संवादों को भी पूरी तरह से हटा दिया जाएगा।
हालांकि फिल्म से जुड़े लोगों को इस बात से आपत्ति है। उनका मानना है कि यदि फिल्म का विषय ही बोल्ड है तो उस फिल्म से ऐसे संवाद निकाल देने का मतलब फिल्म को पूरी तरह से किल कर देना है।