वैसे तो दंगों से जूझ रही 90 के दशक वाली मुंबई पर कई फिल्में, डॉक्यूमेंट्री और सीरीज बन चुकी हैं। मगर सैफ अली खान , नवाजुद्दीन सिद्दीकी और राधिका आप्टे स्टारर सेक्रेड गेम्स सब पर भारी पड़ने का माद्दा रखती है।इस कहानी के तीन मुख्य पात्र हैं।पहला है सरताज सिंह (सैफ अली खान) जो मुंबई पुलिस में कार्यरत एक सिख पुलिसकर्मी है और जिसे मुंबई में होने वाले हमलों की लीड मिली है। दूसरा किरदार है गणेश एकनाथ गायटुंडे (नवाजुद्दीन सिद्दीकी) जिस पर 150 लोगों की कत्ल का आरोप है और वह पिछले 17 सालों से फरार है। उसी ने सरताज को धमाकों की धमकी दी है। वहीं, तीसरा किरदार है अंजलि माथुर (राधिका आप्टे) का जो गणेश और सरताज के बीच की कड़ी है और संभावित हमलों की जांच कर रही है।
सेक्रेड गेम्स का निर्देशन अनुराग कश्यप और विक्रमादित्य मोटवानी ने मिलकर किया है। मोटवानी ने जहां सरताज सिंह का ट्रैक निर्देशित किया वहीं कश्यप ने प्रमुख तौर पर गायटुंडे के हिस्से को डायरेक्ट किया है। चुनौति इस बात की है कि गायटुंडे की मौत हो चुकी है और उसकी कहानी फ्लैशबैक में चल रही है।अनुराग कश्यप को जहां किरदारों का नकारात्मक पक्ष उजागर करने में महारत हासिल है, वहीं सस्पेंस बरकरार रखते हुए दर्शकों को बांधे रखने में मोटवानी को महारत हासिल है। इस जोड़ी ने सीरीज के साथ दोनों ही मामलो में न्याय किया है।
वेब सीरीज सेक्रेड गेम्स नेटफ्लिक्स विक्रम चंद्रा की 928 पन्नों की इसी नाम से लिखी गई किताब पर आधारित है। हालाकिं, डिजिटल ऑडिएंस के लिए सीरीज की पटकथा को और भी कसा गया है। यह काम वरुण ग्रोवर, स्मिता सिंह और वसंत नाथ ने बखूबी किया है। शुरुआती एपिसोड्स में यह शो बोर नहीं करता। हालांकि, आठ एपिसोड वाले पहले सीजन की पटकथा पेचीदा है। इसे देखने के लिए सब्र की जरूरत पड़ सकती है।
सेक्रेड गेम्स में नीरज काबी, पंकज त्रिपाठी, समीर कोचर समेत कई एक्टर्स नजर आएंगे। इसके ट्रेलर को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया था-