आईपीएल मैच के दौरान प्रीति जिंटा और नेस वाडिया के बीच हुए कथित झगड़े में एक नया मोड़ आया है। इस बार प्रीति जिंटा का बयान हैरान करने वाला है। प्रीति जिंटा ने कहा है कि उनके पूर्व प्रेमी और आईपीएल टीम के सहमालिक नेस वाडिया ने वानखेड़े स्टेडियम में 30 मई को हुई घटना से पहले उनके चेहरे पर जलती हुई सिगरेट फेंकी थी। इसके अलावा उन्हें कमरे में बंद भी किया था।
पुलिस को लिखी है चिट्ठी
मुंबई पुलिस के आयुक्त राकेश मारिया को लिखे पत्र में प्रीति ने कहा है कि पिछले कुछ समय से मेरे प्रति नेस का बर्ताव लगातार आक्रामक और हिंसक होता जा रहा था। मेरे चेहरे पर जलती हुई सिगरेट फेंकने से लेकर मुझे कमरे में बंद करने और मुझसे बदसलूकी करने तक, मैंने उसके साथ सब देखा है। मैं खुद उनके बदले व्यवहार से चकित थी।
30 जून को दिया था पत्र
प्रीति जिंटा ने 30 जून को यह पत्र तब सौंपा था जब वह विदेश जाने की इजाजत मांगने के लिए उनसे मिली थीं। इस मामले की जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रीति ने पत्र में लिखा, 'मैं बस चाहती हूं कि नेस वाडिया को मुझसे दूर रखा जाए। मैँ अब सुकून की जिंदगी जीना चाहती हूं। प्रीति ने खुद के डरे होने की बात भी कही थी।
ये हुआ था उस रात
यदि आप प्रीति और नेस के बीच हुए इस झगड़े के बारे में न जानते हों तो जान लीजिए। 12 जून को पुलिस में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में प्रीति ने आरोप लगाया था कि 30 मई को वानखेड़े स्टेडियम में किंग्स इलेवन पंजाब और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच आईपीएल मैच के दौरान वाडिया ने उनसे छेड़छाड़ की, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी। आईपीएल टीम किंग्स इलेवन पंजाब में प्रीति और वाडिया दोनों का मालिकाना हक है। इसके बाद से ही यह विवाद कई मोड़ ले चुका है।